- रिश्तों और संबंधों की मर्यादा रखने के कारण ही मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाते हैं श्रीराम : वोरा
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
रविवार को रामनवमी के दिन पूरे देश में रामनवमी का पर्व उत्साह एवं उमंग से मनाया जा रहा है। प्रभु श्रीराम ने आज ही के दिन मनुष्य अवतार लिया था। श्री राम का ननिहाल माना जाने वाला छत्तीसगढ़ में भी रामनवमी की धूम मची रही। दुर्ग में विधायक अरुण वोरा की उपस्थिति में महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित रामनवमी की रैली ने शहर को राममय कर दिया। चारों ओर जय श्री राम के नारों के साथ सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा रामलला की भक्ति के साथ स्कूटर रैली निकाली गई।
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा ने कहा कि जीवन से जुड़े सभी रिश्तों और संबंधों की जो शिक्षा भगवान राम ने विश्व को दी है, उसी की वजह से उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है। सर्वशक्तिमान भगवान राम की जयंती शक्ति रूपी माता की पूजा के नवें दिन हुआ है जिसमें यह संदेश प्राप्त होता है कि शक्ति के साथ संयम एवं मर्यादा आवश्यक है। माता पिता का सम्मान, मित्रता, भाइयों से प्रेम, जीवन साथी का सम्मान सहित शत्रु के गुणों का भी सम्मान करने की सीख हमें प्रभु राम के जीवन से प्राप्त होती है।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा राम वनगमन पर्यटन परिपथ परियोजना और चंदखुरी स्थित माता कौशल्या मंदिर के कायाकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि श्री राम से जुड़ी प्रदेश वासियों के भावना के अनुरूप प्राचीन सभ्यता और इतिहास को संजोने का कार्य राज्य सरकार कर रही है जिससे नई पीढ़ी को भी श्रीराम व उनके आदर्श व्यक्तित्व को करीब से जानने और अनुसरण करने का अवसर मिल सके। पूरे शहर को राममय बनाने वाली रैली में महिला कांग्रेस अध्यक्ष कन्या ढीमर, सभापति राजेश यादव, रत्ना नारमदेव, ब्लॉक अध्यक्ष अल्ताफ अहमद, अजय मिश्रा, राजकुमार पाली समेत बड़ी संख्या में महिला कांग्रेसी शामिल हुई।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
