- एसएचजी की महिलाओं द्वारा बनाई गई सामग्री का ब्रांड बनने का सपना हुआ पूरा
- फिलहाल 84 समूहों द्वारा तैयार की गई 54 प्रकार की विविध सामग्री विक्रय हेतु उपलब्ध
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / प्रदेश के गृह एवं लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू ने जनपद पंचायत परिसर में सीमार्ट का शुभारंभ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने सी मार्ट आरंभ करने का निर्णय लिया है, ताकि समूह की महिलाओं के बनाए उत्पादों के डिस्प्ले के लिए महत्वपूर्ण जगह मिल सके। आज दुर्ग में पहला सीमार्ट उद्घाटित हुआ। एसएचजी की महिलाओं द्वारा बनाई गई सामग्री यहां दिखाई गई है। इनका ब्रांड आज मार्ट में उपलब्ध है। यह बड़ी सफलता है।
गृह मंत्री ने कहा कि अभी मैंने सीमार्ट की सामग्री देखी। बाड़ी योजना के माध्यम से जो उत्पादन महिला समूह कर रहे हैं, उनका डिस्प्ले भी यहां किया गया है। मिर्च-मसाले और इनके पावडर ब्रांड नेम के साथ विक्रय किये जा रहे हैं। बाजार में लंबे समय तक टिके रहने और ठोस लाभ कमाने के लिए गुणवत्ता पर हमेशा ध्यान देना जरूरी होता है। इसके साथ ही सीमार्ट में सामग्री का भी विस्तार करें।
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक स्टेट वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन के चेयरमेन अरुण वोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने न केवल गौठानों के माध्यम से एसएचजी की महिलाओं को रोजगारमूलक गतिविधियों का रास्ता दिखाया, बल्कि इनके उत्पादों की आकर्षक पैकेजिंग और मार्केटिंग की व्यवस्था कर सीमार्ट जैसे सेंटर आरंभ कर दिये। ताकि, इनके निर्माताओं को बड़ा बाजार मिल सके। एक ही छत के नीचे काफी तरह की वैरायटी उपलब्ध कराई गई है और सभी की गुणवत्ता बहुत अच्छी है। जिस तेजी से गौठान में रोजगारमूलक गतिविधियों का सृजन हो रहा है और उत्पादों की गुणवत्ता पर कार्य किया जा रहा है। शीघ्र ही सीमार्ट से उपभोक्ताओं की सभी आवश्यकताएं पूरी होंगी।
कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी रिवेंद्र यादव ने भी संबोधित किया। इस मौके पर दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल, रिसाली महापौर शशि सिन्हा, जिला पंचायत दुर्ग उपाध्यक्ष अशोक साहू, दुर्ग जनपद अध्यक्ष देवेंद्र कुमार देशमुख सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम में संभागायुक्त महादेव कांवरे, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

