मानवाधिकार संगठन ‘द सिख कोएलिशन’ ने कहा कि मंगलवार को क्वींस के रिचमंड हिल में दो सिखों पर हमला कर दो आरोपियों ने उन्हें डंडे से मारा। उनकी पगड़ी उतार दी।  उनके साथ लूटपाट भी की गई है। यह हमला उस स्थान के पास ही हुआ, जहां तीन अप्रैल को निर्मल सिंह पर हमला किया गया था।

इस मामले में स्थानीय अधिकारियों और न्यूयार्क शहर के पुलिस विभाग से संपर्क किया गया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इधर, न्यूयार्क राज्य विधानसभा की सदस्य जेनिफर राजकुमार ने कहा कि न्यूयार्क में सिखों के खिलाफ हेट क्राइम के मामलों में जीरो टोलरेंस है। उन्होंने कहा कि ‘न्यूयार्क स्टेट आफिस के लिए चुने गए पहले पंजाबी अमेरिकी के रूप में वे स्पष्ट शब्दों में कहती हैं कि न्यूयार्क में सिख अमेरिकी समुदाय के खिलाफ घृणा अपराधों के लिए जीरो टोलरेंस है।’