Breaking News

केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हमर लैब से नि:शुल्क पैथालॉजी सेवाओं की सराहना की : कृषि और महिला सशक्तिकरण के कार्यों की भी प्रशंशा की

  • आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत कार्यों की समीक्षा की

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

राजनांदगांव /  केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आकांक्षी जिला कार्यक्रम की समीक्षा की। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने  शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य क्षेत्रों में कार्य के लिए आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए कहा कि कुपोषण को दूर करने के लिए एक समग्र और समन्वित प्रयासों की आवश्यकता है। स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास एवं सभी विभाग मिलकर स्वच्छता की दिशा में समन्वित तरीके से कार्य करें। जब तक समाज में जागरूकता नहीं आएगी तब तक कुपोषण से मुक्त नहीं हो पाएंगे। इसके लिए उन्होंने जागरूकता अभियान चलाने कहा।

सिंधिया ने जिले के मानपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में हमर लैब के माध्यम से दी जा रही नि:शुल्क उच्चगुणवत्तायुक्त पैथोलॉजी सेवाओं की सराहना की। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में महिला स्वसहायता समूह के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। कृषि के क्षेत्र में धान की फसल के स्थान पर दलहन, तिलहन और अन्य फसलों को प्रोत्साहन दिए जाने के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने प्रजेन्टेंशन के माध्यम से आकांक्षी जिला राजनांदगांव के विभिन्न पैरामीटर्स की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में कोविड-19 के मद्देनजर विशेष कार्य किए गए। धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स के माध्यम से कम कीमतों पर जनसामान्य को दवाईयां उपलब्ध की जा रही हैं। लगभग 83 प्रतिशत नागरिकों को कोविड वैक्सीन का टीका लग चुका है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छुईखदान, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रामाटोला और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शहरी शंकरपुर को एनक्यूएएस सर्टिफाईड किया गया है। डिजिटल हेल्थ आईडी कार्ड में जिले का देश में तीसरा स्थान है। मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मलेरिया, एचआईवी, टीबी टेस्ट, कुष्ठ रोग का भी टेस्ट किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राजनांदगांव जिले के नक्सल प्रभावित दूरस्थ अंचल मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में हमर लैब की स्थापना की गई है। जहां नि:शुल्क 80 पैथोलॉजी सेवाएं दी जा रही हैं। यहां 5 विशेषज्ञ डॉक्टर एवं 236 मेडिकल स्टाफ डीएमएफ से भर्ती की गई है। मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान के तहत गर्भवती माताओं को अंडा और चिक्की दिया जा रहा है। जिससे उनके स्वास्थ्य में 80 प्रतिशत सुधार हुआ है। कुपोषित बच्चों के वजन में 90 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है और मानपुर, मोहला तथा छुईखदान में बच्चों को 4 बार भोजन दिया जा रहा है। प्रति 15 दिन में उनके स्वास्थ्य का परीक्षण किया जा रहा है और सुपोषण के लिए सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में की गई पहल अंतर्गत जिले में 9 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय प्रारंभ किए गए हैं। 20 अटल टिंकरिंग लैब, 30 मॉडल प्राईमरी स्कूल हैं। वहीं शिक्षकों की भर्ती की गई है। कृषि के क्षेत्र में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि राजनांदगांव जिले में खेती का रकबा प्रदेश में सर्वाधिक है। यहां किसानों को फसल चक्र परिवर्तन के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसके लिए अभियान चलाया गया है। शासन की नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूती मिली है। गौठान रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क के रूप में विकसित हो रहे हैं और यहां विभिन्न तरह की गतिविधियां संचालित है।

गोधन न्याय योजना के तहत वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण भी किया जा रहा है। वित्तीय साक्षरता के क्षेत्र में बैंक सखी द्वारा कार्य किए जा रहे हैं। जिनके द्वारा राशि जमा करने, आहरण और राशि हस्तांतरित करने, पेंशन का भुगतान करने तथा मनरेगा के श्रमिकों का वेतन भुगतान, जनधन खाता लाभान्वितों तक उनके घरों तक जाकर देने का कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, सांसद राजनांदगांव  संतोष पाण्डेय, महापौर हेमा देशमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष गीता साहू, पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह, वन मंडलाधिकारी, जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री की शुभकामनाएं प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों के लिए प्रेरणा और गौरव का विषय : मुख्यमंत्री साय

THE CG NEWS रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!