द सीजी न्यूज डॉट कॉम

प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज कांकेर जिले के तहसील मुख्यालय चारामा में आयोजित राजीव मितान क्लब सदस्य व महिला शक्ति सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर उनके द्वारा 183 करोड़ 06 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया गया। इनमें 64 करोड़ 22 लाख रूपए के 35 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 118 करोड़ 84 लाख रूपए के 40 कार्यों का लोकार्पण शामिल हैं। उन्होंने इस अवसर पर लखनपुरी को उप तहसील का दर्जा प्रदान करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम में भानुप्रतापपुर, दुर्गूकोंदल एवं चारामा विकासखण्ड में कुल 14 नग खाद गोदाम भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 80 लाख रूपए और तीनों विकासखण्डों में 62 देवगुड़ी निर्माण हेतु 3 करोड़ 41 लाख रुपए के साथ ही 24 घोटुल निर्माण के लिए 2 करोड़ 64 लाख रुपए, 25 रंगमंच निर्माण के लिए एक करोड़ 25 लाख रुपए, 73 सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 03 करोड़ 65 लाख रुपए और चारामा के सरार तालाब का जीर्णाेद्धार व सौंदर्यीकरण के लिए एक लाख रुपए और स्वामी आत्मानंद इग्लिश मीडियम स्कूल चारामा में सीसी सड़क, मंच व गेट निर्माण के लिए 34 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की।

विकासखंड में 62

उन्होंने कार्यक्रम में चारामा विकासखण्ड के ग्राम तारसगांव के ईश्वरी स्व-सहायता समूह और ग्राम उड़कुड़ा जोगी स्व-सहायता समूह को कचरा कलेक्शन व पृथककरण हेतु ई-रिक्शा का चाबी सौंपा। नारी जागरण महिला स्व-सहायता समूह गोटीटोला और अन्नपूर्णा महिला स्व-सहायता समूह कुर्रूभाट को किराना व्यवसाय के लिए एक-एक लाख रूपए का चेक प्रदान किया गया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों को सभी मूलभूत सुविधाएं- सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा इत्यादि मुहैया कराने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। कुपोषण दूर करने के लिए बच्चों और माताओं को गर्म भोजन प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना से हाट-बाजारों में मरीजों को उपचार मिल रहा है, इसकी शुरूआत बस्तर संभाग से हुई थी, जिसे पूरे राज्य में क्रियान्वित किया गया है। मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान के भी सार्थक परिणाम मिले हैं, इससे उल्टी-दस्त, मलेरिया के प्रकरण में उल्लेखनीय कमी पाई गई है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सस्ते दर पर ब्रान्डेड दवाई उपलब्ध कराने के लिए श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स खोले गए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के बाद अब जिलों में उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांकेर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना बड़ी उपलब्धि है, यहां डॉक्टरों की कमी नहीं होने दी जायेगी।
कार्यक्रम को महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेडिया, छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष मनोज मण्डावी, संसदीय सचिव व कांकेर विधायक शिशुपाल शोरी, अंतागढ़ विधायक अनूप नाग, गौ-सेवा आयोग के सदस्य नरेन्द्र यादव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य नितिन पोटाई, जिला पंचायत के अध्यक्ष हेमंत ध्रुव, सुकमा जिला पंचायत के अध्यक्ष हरीश कवासी, बस्तर विकास प्राधिकरण के सदस्य बिरेश ठाकुर, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष हेमनारायण गजबल्ला, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सुभद्रा सलाम सहित जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।