- मुख्यमंत्री ने कोरिया में 44 करोड़ रु की लागत से बनने वाले नए जिला अस्पताल और मातृ एवं शिशु अस्पताल का किया भूमिपूजन
- दूरस्थ अंचल के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का मिलेगा लाभ
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राजधानी स्थित निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला मुख्यालय कोरिया में 44 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नवीन जिला अस्पताल और मातृ एवं शिशु अस्पताल का वर्चुअल भूमिपूजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.चरणदास महंत ने की। इनमें 35 करोड़ रुपए की लागत से 200 बिस्तर नवीन जिला अस्पताल और 9 करोड़ रुपए की लागत से 50 बिस्तर वाले मातृ एवं शिशु अस्पताल का निर्माण होगा। इससे कोरिया जिले सहित आस-पास के लोगों को अत्याधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का भरपूर लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में बीते तीन वर्षो में स्वास्थ्य सुविधाओं को आम लोगों के निकट पहुंचाने और इलाज को किफायती बनाने की दिशा में लगातार काम किया है। इस कड़ी में आज कोरिया के जिले को स्वास्थ्य के क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण सौगात मिली है, इससे प्रदेश के दूरस्थ और वनांचल के लोगों सहित कोरिया के जिलेवासियों को अत्याधुनिक और सर्वसुविधायुक्त स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ मिलेगा। इस अवसर पर गृह तथा लोक निर्माण मंत्री और कोरिया जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू, सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गुलाब कमरो, विधायक यू.डी.मिंज सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरिया जिले में कुपोषण का स्तर वर्ष 2019 में 24.52 प्रतिशत था। मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान के अंतर्गत किए गए प्रयासों से यह घटकर अप्रैल 2022 में मात्र 6.41 प्रतिशत रह गया है। मुख्यमंत्री सुपोषण अभियन के अंतर्गत यहां अब तक 8948 बच्चों को कुपोषण मुक्त किया जा चुका है। कोरिया जिले ने राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक हासिल किया है, जो सराहनीय है।
कार्यक्रम को विधानसभा अध्यक्ष डॉ.चरणदास महंत, जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू, स्वास्थ्य मंत्री टी.एस.सिंहदेव, सांसद ज्योत्सना महंत, गुलाब कमरो, डॉ.प्रीतम राम और संसदीय सचिव अम्बिका सिंहदेव ने भी सम्बोधित किया और कोरिया जिले को स्वास्थ्य के क्षेत्र में मिली सौगात के लिए आभार जताया। कार्यक्रम में आयुक्त स्वास्थ्य डॉ.सी.आर.प्रसन्ना, प्रबंध संचालक सी.जी.एम.एस.सी. अभिजीत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
