- ’भेंट-मुलाकात’ अभियान की शुरुआत सामरी से : सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे मुख्यमंत्री
- हर विधानसभा क्षेत्र के 3-3 गांवों में जाएंगे और किसी एक गांव में रात्रि विश्राम भी करेंगे
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज सामरी विधानसभा क्षेत्र के कुसमी प्रवास के दौरान प्रोटोकॉल तोड़ते हुए अपनी गाड़ी से नीचे उतरकर लोगों के बीच पहुंच गए और उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। सीएम ने कहा कि पुलिस से संबंधित कोई समस्या तो नहीं है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कुसमी के स्वामी आत्मानन्द इंग्लिश मीडियम स्कूल के बच्चों से चर्चा कर प्रवेश, पढ़ाई, परीक्षा की जानकारी भी ली। सीएम भूपेश बघेल ने कुसमी थाने में मालखाना का निरीक्षण भी किया।
कुसमी, शंकरगढ़ और बरियों गांव का दौरा करेंगे : रात्रि विश्राम राजपुर में करेंगे
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज राजधानी रायपुर के पुलिस लाइंस हेलीपेड से प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आमजनता, जनप्रतिनिधियों और समाज प्रमुखों से ’भेंट-मुलाकात’ के अभियान पर रवाना हुए। मुख्यमंत्री इस अभियान की शुरूआत सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले से करेंगे। बघेल का पहला पड़ाव सामरी विधानसभा क्षेत्र से शुरू हुआ।
अभियान में रवाना होने से पहले मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि कोरोना के कारण एक लंबे अरसे से लोगों के बीच जा नही पाए थे, हालांकि पिछले वर्ष सामाजिक संगठनों की बैठक में शामिल होने का मौका मिला। भ्रमण के दौरान शासकीय योजनाओं की धरातल पर स्थिति की जानकारी लूंगा। उन्होंने कहा कि आम जनता से और जनप्रतिनिधियों से मिलने से योजनाओं के बारे में जानकारी मिलती है, क्या संशोधन होना चाहिए, क्या जुड़ना चाहिए, इसकी जानकारी मिलती है।
भ्रमण के दौरान गांवों में हुए अच्छे कार्यो के साथ वहां की समस्याओं के बारे में भी जानकारी मिलेगी। कोशिश होगी कि अधिक से अधिक समय लोगों के साथ बिताऊं। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान वे पीडीएस दुकान, पंचायत कार्यालय, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केन्द्र, थाने, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, नगर पंचायत के दफ्तर जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले के प्रभारी मंत्री और क्षेत्र के विधायक भी भ्रमण के दौरान उनके साथ होंगे। नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया भी मुख्यमंत्री के साथ रवाना हुए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

