- हितग्राहियों ने महापौर से कहा – हमें विश्वास नहीं हो रहा है कि कुछ ही घंटों में घर पर मिल जाएगा प्रमाण पत्र
द सीजी न्यूज
दुर्ग / महापौर धीरज बाकलीवाल ने आज मितान की भूमिका निभाते हुए तपती दोपहरी में बाइक पर सवार होकर हितग्राहियों को प्रमाण पत्र देने उनके निवास पहुंचे। उनके साथ स्वास्थ्य अधिकारी गिरीश दीवान, नोडल अधिकारी जावेद अली, मितान विजय देशमुख व अखिलेश गौस्वामी मौजूद थे। महापौर धीरज बाकलीवाल ने प्रियांशु शर्मा पिता- सूरज कुमार शर्मा निवासी गया नगर, वार्ड नं 5 को स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र और कुमारी पाखी जैन, पिता पंकज जैन, माता खुशबू जैन गंज पारा वार्ड 36 को जन्म प्रमाण पत्र प्रदान किया।
महापौर धीरज बाकलीवाल ने हितग्राहियों से चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मितान योजना के तहत कॉल सेंटर 14545 में संपर्क करने पर घर बैठे प्रमाण पत्र मिल रहा है। इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और इसकी जानकारी अन्य लोगों को भी दें, ताकि जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके। हितग्राहियों ने महापौर धीरज बाकलीवाल से कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि इस योजना से कुछ ही घंटों में घर पर आकर प्रमाण पत्र दिया जाएगा। ऐसी ही योजना की जरूरत थी। इससे दुर्ग नगर पालिक निगम दफ्तर आने-जाने की जरूरत नहीं होगी और लोगों का समय बचेगा। हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का योजना लागू करने के लिए धन्यवाद दिया।
आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मुख्यमंत्री मितान योजना के तहत दुर्ग निगम क्षेत्र में दो मितान नियुक्त किए जा चुके हैं। योजना के तहत आवेदन करने पर महज चंद घंटों में जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र सहित 13 प्रकार के प्रमाण पत्र घर जाकर दिये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक मई को प्रदेश के सभी 14 निगमों में मुख्यमंत्री मितान योजना शुरू की है।
इस योजना के तहत आय प्रमाण पत्र, निवासी प्रमाण पत्र, एससी-एसटी, जाति प्रमाण पत्र, ओ.बी.सी. जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और सुधार, मृत्यु प्रमाण पत्र व सुधार, विवाह प्रमाण पत्र, दुकान स्थापना पंजीयन, नान डिजिटाइज्ड नकल, भूमि सूचना प्रमाण पत्र जैसी सुविधाओं का लाभ लेने के इच्छुक लोगों को टोल फ्री नंबर 14545 नम्बर पर केवल एक बार कॉल करना है। इसके बाद मितान द्वारा घर पहुंचकर दस्तावेज लिये जाएंगे और प्रमाण पत्र घर पहुंचाकर दिया जाएगा। योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारी व कर्मचारी को दिशा निर्देश जारी किये गए हैं। दुर्ग नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने क्षेत्र के निवासियों से मुख्यमंत्री मितान योजना का लाभ लेने की अपील की है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


