- एक मंत्री ने जिला ग्रामीण युकां अध्यक्ष चुनाव के लिए उतारा अपना उम्मीदवार
- एक और कद्दावर मंत्री के समर्थक भी कोको पाढ़ी ग्रुप के साथ
द सीजी न्यूज
युवा कांग्रेस संगठन चुनाव में दुर्ग जिले की राजनीति लगातार बदल रही है। खास बात ये है कि युवा कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति बनाने सीनियर कांग्रेस नेता सक्रिय हो गए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का गृह जिला होने के कारण यहां पर युवा कांग्रेस के चुनाव पर सबकी नजर है। आज से युवा कांग्रेस चुनाव के लिए मेंबरशिप के साथ वोटिंग शुरू हुई है। खास बात ये है कि सीएम के गृह जिले में दो-दो मंत्रियों के समर्थक कहे जाने वाले युवा कांग्रेस नेताओं के तार निवर्तमान प्रदेश युकां अध्यक्ष कोको पाढ़ी से जुड़े हैं।

प्रदेश की राजनीति में कोको पाढ़ी स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव के समर्थक हैं, जबकि, आकाश शर्मा को कका यानी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कट्टर समर्थक हैं। कोको पाढ़ी पिछले कई साल से युकां के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं और उनके समर्थकों का दुर्ग जिले में भी दबदबा रहा है। लिहाजा कोको से जुड़े युकां नेताओं की जीत के दावे भी किये जा रहे हैं। युकां चुनाव में कोको पाढ़ी ने प्रदेश युकां अध्यक्ष पद के लिए आशीष मोनू अवस्थी को चुनाव मैदान में उतारा है। उनके सामने आकाश शर्मा की तगड़ी दावेदारी है। आकाश शर्मा की जीत के लिए कई प्रमुख युकां नेता लॉबिंग कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कोको समर्थकों ने भी मोर्चा संभाल लिया है। दुर्ग जिले में भी दोनों गुटों के बीच कांटे की टक्कर बताई जा रही है।
दुर्ग ग्रामीण जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अहिवारा क्षेत्र के युकां नेता अमन सिंह चुनाव मैदान में हैं। उन्हें पीएचई मंत्री रुद्र गुरू का समर्थक माना जाता है। राजनीति के जानकारों का कहना है कि अमन सिंह कोको पाढ़ी के समर्थक हैं। दुर्ग जिला ग्रामीण युवा कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में अमन सिंह को काफी समर्थन मिल रहा है। कई युकां नेताओं का कहना है कि अमन सिंह के चुनाव जीतने की काफी संभावनाएं हैं।
इसी तरह दुर्ग ग्रामीण विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए शुभम वर्मा, प्रदेश महासचिव पद के लिए शनील साहू, अविनाश चंद्राकर, भिलाई शहर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष के लिए नेतराम साहू, दुर्ग शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष के लिए जहीर खान के लिए भी तगड़ी लॉबिंग की जा रही है। ये सभी युकां नेता कोको पाढ़ी के समर्थक हैं। भिलाई सहित पूरे जिले में सक्रिय रहे युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शाहिद खान भी इन प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए दमखम दिखा रहे हैं। कोको पाढ़ी सहित शाहिद खान की मुहिम को जिले के दो-दो मंत्रियों के समर्थकों की लामबंदी का साथ मिलने से इस गुट के युकां नेताओं की जीत की संभावनाएं बेहतर हो गई हैं।
भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव पूरे प्रदेश में युकां प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आकाश शर्मा के लिए चुनावी कमान संभाले हुए हैं। देवेंद्र ने आकाश शर्मा को विजयी बनाने के लिए प्रदेश के सभी जिलों का दौरा कर लिया है और लगातार सुबह से देर रात तक चुनावी अभियान में जुटे हैं। महत्वपूर्ण बात ये है कि देवेंद्र को सबसे ज्यादा चुनौती उसी जिले में मिल रही है जहां से वे विधायक चुने गए हैं। राजनीति के जानकारों का कहना है कि कोको पाढ़ी ने दुर्ग जिले में देवेंद्र यादव को सीधी चुनौती देकर अपने इरादे जाहिर कर दिये हैं। युवा कांग्रेस के साथ ही सीनियर कांग्रेसियों ने भी जिस तरह से देवेंद्र की मुहिम को काटने के लिए जिस तरीके से लामबंदी की है, उससे आकाश शर्मा समर्थक प्रत्याशियों की नींद उड़ गई है। समझा जा रहा है कि देवेंद्र यादव अपने ही जिले में काफी हद तक घिर गए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal