द सीजी न्यूज
जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर ने आज जिले के अधिकारियों की वर्चुअल बैठक लेकर विभागीय कामकाज की व्यापक स्तर पर समीक्षा की। इधर, दुर्ग के वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा ने प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर को कई विकास कार्यों की फेहरिस्त भेजते हुए कहा है कि अफसरों की लेटलतीफ कार्यप्रणाली में सुधार लाने की जरूरत है। कई विकास कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है।
वोरा ने लोक निर्माण विभाग के अधूरे कार्यों की फेहरिस्त भेजते हुए कहा है कि नेहरू नगर चौक से मिनीमाता चौक और अंजोरा तक मार्ग चौड़ीकरण व उन्नयन का कार्य धीमी गति से चल रहा है। बरसात शुरू होने पर डामरीकरण और स्ट्रीट लाइट के कार्य प्रभावित होंगे। इसी तरह मुख्यमंत्री सुगम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत सड़कों में से कुछ सड़कों के स्थल परिवर्तन का प्रस्ताव भेजा गया है, जो अभी तक लंबित है।
वोरा ने कहा है कि पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम की हालत अत्यंत जर्जर हो चुकी है, जिसके पुनर्निर्माण की आवश्यकता है। इसका प्रस्ताव बनाने के साथ ही वर्तमान में स्टेडियम में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों और बालिकाओं के लिए तत्काल शौचालय निर्माण कराया जाए। शहर के बड़े विकास कार्य के रूप में साइंस कॉलेज में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम काफी समय से अपूर्ण स्थिति में है।
वोरा ने कहा है कि सिविल लाइन मैदान में स्थित हॉकी मैदान के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा दुर्ग में एस्ट्रोटर्फ मैदान की घोषणा की गई है। इस पर क्या कार्यवाही की जा रही है। पीडब्लूडी अफसर इसका तत्काल प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजें ताकि स्वीकृति मिलने के बाद इसका निर्माण किया जा सके।
वोरा ने नगरीय निकाय के अधूरे कार्यों की भी जानकारी दी
वोरा ने ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट का काम अपूर्ण होने, डामरीकरण के लिए प्रस्तावित मार्गों का डामरीकरण बरसात के पूर्व पूरा कराने, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा घोषित 10 करोड़ की राशि का 60 वार्डों में मूलभूत विकास कार्य कराने तत्काल प्रस्ताव भेजने, अमृत मिशन के लोकार्पण के बाद भी पेयजल आपूर्ति पर बार-बार बाधा आने और शेष नल कनेक्शन का कार्य तत्काल पूर्ण करने की जरूरत है। वोरा ने कहा कि गौरवपथ और मुक्तिधाम पहुंच मार्ग का कार्य धीमी गति से चल रहा है, जिसमें तेजी लाना आवश्यक है।
पुलिस विभाग और यातायात विभाग को लेकर विधायक अरुण वोरा ने कहा है कि शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने अधिक बल व चौक चौराहों और निर्माणाधीन मुख्यमार्ग पर बेरिकेटिंग की व्यवस्था करने, पद्मनाभपुर चौकी का थाने के रूप में उन्नयन करने के बाद स्टॉफ की कमी को दूर करने और शिक्षा विभाग में शहर में बोरसी स्कूल को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम के रूप उन्नयन करने की कार्यवाही, 100 वर्ष पुराने सिकोला भाटा स्कूल समेत कई स्कूलों के भवन पुराने व जर्जर होने के बाद डीएमएफ से राशि उपलब्ध कराने सहित अन्य मांगे की गई हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
