Breaking News

world hypertension day : स्वस्थ जीवन जीने के लिए जरूरी है ब्लड प्रेशर की नियमित जांच : डॉ मेश्राम

  • 17 मई को स्वास्थ्य केंद्रों पर विश्व उच्च रक्तचाप दिवस (world hypertension day) पर किया जाएगा जागरूक
  • अपने दिल का ख्याल रखें : कराएं जांच

द सीजी न्यूज

दुर्ग / स्वस्थ जीवन के लिए बीपी व शुगर की जांच नियमित रूप से कराते रहना चाहिए, ताकि गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सके। अनियमित दिनचर्या और अनुचित खान-पान की वजह से स्वास्थ्य को काफी नुकसान होता है। खान-पान व भागदौड़ भरी दिनचर्या के कारण ब्लड प्रेशर (रक्तचाप) पर भी असर पड़ता है। व्यक्ति हाई बीपी या लो बीपी का मरीज बन जाता है। विश्व रक्तचाप दिवस के अवसर पर 17 मई को जिले में इससे संबंधित आवश्यक जानकारियां दी जाएगी। लोगों को जागरुक करने का प्रयास किया जाएगा। स्वास्थ्य केन्द्रों में रक्तचाप और मधुमेह की स्क्रीनिंग की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेपी मेश्राम ने बताया कि ‘’प्रत्येक वर्ष 17 मई को विश्व उच्च रक्तचाप दिवस मनाया जाता है। विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष रूप से ओपीडी में आने वाले 30 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों के रक्तचाप की जांच की जाएगी।  मुख्य रूप से उच्च रक्तचाप (हाई बीपी) से उत्पन्न होने वाली समस्याएं, बचाव, रोकथाम संबंधी जानकारी भी लोगों को दी जाएगी।

इस वर्ष विश्व उच्च रक्तचाप दिवस “Measure your blood pressure accurately, control it, live longer” यानी “अपने रक्तचाप को सही तरीके से मापें, इसे नियंत्रित करें, अधिक समय तक जीवित रहे।” की थीम पर मनाया जाएगा।” उन्होंने बताया कि ‘’अगर आपकी उम्र 30 वर्ष हो चुकी है तो जरूरी है कि आप नियमित रूप से रक्तचाप की जांच कराएं। उच्च रक्तचाप कई कारणों से होता है। कुछ कारण शारीरिक और कुछ मानसिक होते हैं। उच्च रक्तचाप से तेज सिरदर्द, थकान, भ्रम, देखने में समस्या, सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, अनियमित रूप से बढ़ने वाली दिल की धड़कन, यूरिन में ब्लड आना जैसे लक्षण हो सकते हैं। इससे बचने के लिए जंक फूड खाने से परहेज करने के साथ ही अनियमित जीवन शैली पर भी ध्यान देने की जरूरत है।

जीवन में मानसिक तनाव को कम करने व शरीर को सक्रिय बनाए रखने के लिए डॉक्टर की सलाह से व्यायाम को नियमित दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।” उन्होंने अपील की है, अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जाकर अपना बीपी और शुगर की जांच करवाएं और स्वस्थ रहें-निरोग रहें।

विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय और विकासखंड स्तर पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जागरूकता हेतु विशेष स्क्रीनिंग कैंप लगाए जाएंगे, जिसमें उच्च रक्तचाप से संबंधित बीमारियों के रोकथाम हेतु एनपीसीडीसीएस (नेशनल प्रोग्राम फॉर प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ कैंसर डायबिटीज कार्डियोवैस्कुलर डिजीज एंड स्ट्रोक) कार्यक्रम के अंतर्गत लोगों को जागरूक करने और “स्वस्थ जीवनशैली” अपनाने के बारे में भी बताया जाएगा।

उच्च रक्तचाप के कारण
अधिक मात्रा में नमक का सेवन, अनियमित दिनचर्या, अनियमित खानपान, तनाव, धूम्रपान या नशीली चीजों का सेवन करना, अत्यधिक वजन का बढ़ना।

रोकथाम व उपचार

हरी साग-सब्जियों का सेवन ज्यादा करना, नमक का कम उपयोग करना, नशीली और धूम्रपान जैसी चीजों का सेवन ना करना, समय पर डॉक्टर से जांच कराकर और परामर्श लेना, डॉक्टर की सलाह से नियमित रूप से व्यायाम कारगर है।

Check Also

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव : केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने 36 विभूतियों-संस्थाओं को राज्य अलंकरण से किया सम्मानित

  राज्योत्सव के समापन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!