- धान का एक-एक दाना है महत्वपूर्ण : पूरी वसूली की जाएगी – कलेक्टर
द सीजी न्यूज
पलारी विकासखण्ड के अंतर्गत धान उपार्जन केन्द्र सलौनी में गबन की शिकायत दर्ज की गई है। कलेक्टर डोमन सिंह ने संबंधित अधिकारियों को गबन करने वाले संबंधित प्रबंधक और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिये हैं।
खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में धान उपार्जन केन्द्र सलौनी द्वारा धान खरीदी की गई। खाद्य विभाग द्वारा 29 अप्रैल 2022 को धान उपार्जन केन्द्र का भौतिक सत्यापन संयुक्त जांच दल (राजस्व, खाद्य, सहकारिता एवं बैंक के अधिकारी/कर्मचारियों) द्वारा कराया गया। भौतिक सत्यापन में कुल धान के स्टॉक में 1606.71 क्विं. धान और 9932 नग बारदाना की असामान्य कमी पाई गई। यह गबन और अफरा-तफरी की श्रेणी के अंतर्गत आता है।
समर्थन मूल्य में धान खरीदी के लिए दिए गए शासकीय राशि का दुरुपयोग भी किया गया है। इसे कलेक्टर डोमन सिंह ने गंभीरता से लेते हुए आदेश दिये हैं कि गबन और अफरा-तफरी के दोषी धान उपार्जन केन्द्र सलौनी के प्रबंधक राजेन्द्र कुमार ठाकुर, फड़ प्रभारी व कम्प्यूटर आपरेटर संजय नेताम, मुकर्दम उमाशंकर बंजारे, पंजी संधारक (पूर्व फड़ प्रभारी) प्रवीण कुमार डहरिया, बारदाना प्रभारी राहुल ठाकुर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराया जाए। जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक मर्या. बलौदाबाजार शाखा रोहांसी के शाखा प्रबंधक भारत लाल साहू को तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिये गए हैं।
दोषियों के चल-अचल सम्पति से उपरोक्त गबन की राशि की वसूली भी अलग से की जाएगी। धान खरीदी केन्द्र सलौनी द्वारा 31 लाख 17 हजार 17 रुपए समर्थन मूल्य की राशि और 8 लाख 99 हजार 758 रुपए उच्चानुुुुदान राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत प्रदत्त राशि व 4 लाख 73 हजार 930 रुपए बारदाने का मूल्य इस प्रकार कुल 44 लाख 90 हजार 705 रुपए की राशि के धान का गबन किया गया है।
जिले के कुल 153 समितियों के 182 खरीदी केन्द्र के माध्यम से कुल 696430.88 मे. टन धान की खरीदी की गई थी। जिसमें से कुल 696270.21 मे. टन का परिदान हो चुका है। जिले के कुल 182 खरीदी केन्द्रों में से 181 खरीदी केन्द्रों से धान का पूर्ण उठाव किया जाकर शून्य शार्टेज हो चुका है। एक मात्र खरीदी केन्द्र सलौनी द्वारा गबन/अफरा-तफरी किया जाकर पूर्ण परिदान न करते हुए शून्य शार्टेज नहीं किया गया है। उपार्जित धान में से कुल 99.98 प्रतिशत धान का पूर्ण निराकरण हो गया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

