द सीजी न्यूज
राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने आज रायपुर मंडल के वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों से मुलाकात की और रायपुर मंडल में वर्तमान में चल रहे रेलवे से सम्बंधित सभी विकास कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत सभी विकास और विस्तार के कार्य सुचारू रूप से चल रहे हैं। निकट भविष्य में इनके पूर्ण होने की सम्भावना है। रायपुर से लखोली दूसरी लाइन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और दो महीने के अंदर इसमें रेल का परिचालन शुरू हो जाएगा।
अंतागढ़ से रावघाट रेल लाइन का कार्य प्रारम्भ हो चुका है। जल्द ही इसे भी पूरा कर लिया जाएगा। दुर्ग रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण और विस्तारीकरण के लिए वास्तुविद नियुक्त करने की टेंडर आमंत्रित किये गए थे। उसकी प्रक्रिया आगे बढ़ गई है और जल्द ही इसके लिए एजेंसी तय कर ली जाएगी। सरोज पांडेय ने दुर्ग परिक्षेत्र में चल रहे सभी रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और अंडरब्रिज (RUB) की जानकारी ली और इन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये।
राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पूरे देश में रेल का नेटवर्क बढ़ाने और सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए सैकड़ों परियोजनाएं लागू की हैं। इस पर तय समयसीमा के अनुसार कार्य करने का लक्ष्य रखा है। जनता की सुविधा के लिए विकास ही केंद्र की मोदी सरकार का मूलमंत्र है और विकास के लिए धन की कमी कभी आड़े नहीं आएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

