- दंतेवाड़ा शहर में उत्सव सा माहौल
- 11 किमी लंबी चुनरी अर्पित करने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ शहर के नागरिक उमड़े
द सीजी न्यूज
दंतेवाड़ा में दंतेश्वरी देवी का दर्शन कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज 11 किमी लंबी चुनरी ओढ़ाई। इसके साथ ही दंतेवाड़ा की डेनेक्स फैक्टरी की बहनों का नाम विश्व रिकार्ड में दर्ज हो गया। इससे पहले नर्मदा मैया को मंदसौर में 8 किमी लंबी चुनरी ओढ़ाई गई थी। डेनेक्स की 300 महिलाओं ने केवल 7 दिनों में अपने हुनर से 11 किलोमीटर लंबी चुनरी बनाई।
पूरे दंतेवाड़ा शहर में आज उत्सव सा माहौल था। आज जब मुख्यमंत्री अपने हाथों से चुनरी अर्पित करने पहुंचे तो पूरा शहर इस सुंदर दृश्य को देखने उमड़ पड़ा। 11 किमी लंबी चुनरी के साथ मुख्यमंत्री के नेतृत्व में नागरिकों के भारी उत्साह की झलक मिल रही थी। मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा अर्चना करते हुए प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मावली माता और भैरव देव के दर्शन भी किये।

इस दौरान मंदिर परिसर में पारंपरिक वाद्ययंत्रों की सुमधुर ध्वनि से पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया था। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि डेनेक्स की महिलाओं ने जो चुनरी बनाई है, उससे उनके हुनर को पूरे देश में जगह मिलेगी और इससे उनके काम की ख्याति दुनिया भर में फैलेगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मंदिर के पुजारियों से भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि हम प्रदेशवासी बहुत सौभाग्यशाली हैं कि हमें माईं दंतेश्वरी का निरंतर आशीर्वाद और उनकी छत्रछाया मिल रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

