द सीजी न्यूज
राजनांदगांव / झीरम श्रद्धांजलि दिवस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने झीरम घाटी में शहीद हुए जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों और सुरक्षा बल के जवानों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। जगदलपुर से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से जुड़े मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ही के दिन 9 साल पहले बस्तर की झीरम घाटी में नक्सली हमले में हमने अपने अनेक वरिष्ठ नेताओं, जवानों सहित 32 लोगों को खो दिया था। उन 32 शहीदों में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि नंदकुमार पटेल, विद्याचरण शुक्ल, महेंद्र कर्मा, उदय मुदलियार, योगेंद्र शर्मा सहित अनेक लोग शामिल हैं। इस अपूरणीय क्षति की भरपाई नहीं हो सकती, लेकिन सरकार हर सुख-दुख में शहीदों के परिजनों के साथ है। हम सभी मिलकर शहीदों के सपनों को पूरा करेंगे।
सीएम के कार्यक्रम से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राजनांदगांव कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा और शहीद उदय मुदलियार के पुत्र राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार जुड़े रहे।
कलेक्टर ने शहीद उदय मुदलियार की स्मृति में उनके पुत्र राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार और शहीद अलानूर भिंडसरा की स्मृति में उनके पुत्र शाहिद भिंडसरा को शॉल व श्रीफल झीरम स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान कलेक्टर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, संयुक्त कलेक्टर इंदिरा देवहारी, संयुक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
झीरम श्रद्धांजलि दिवस पर सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ
इससे पहले झीरम घाटी नक्सल हिंसा में शहीद जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ पदाधिकारीगण व सुरक्षा बलों की स्मृति में कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज कलेक्टोरेट में सभी अधिकारी-कर्मचारियों को शपथ दिलाई। इस दौरान राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार उपस्थित रहे। झीरम घाटी में नक्सल हिंसा के शिकार हुए जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पदाधिकारीगण, सुरक्षा बलों के जवान व विगत वर्षों में नक्सल हिंसा में शहीद हुए नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने राज्य में अहिंसा और सहनशीलता की परम्परा में दृढ़ विश्वास रखने की शपथ ली और निष्ठापूर्वक सभी प्रकार के नक्सलवाद और हिंसा का डटकर विरोध करने का संकल्प लिया। छत्तीसगढ़ राज्य को पुन: शान्ति का टापू बनाने के लिए शपथ ली। इस दौरान झीरम घाटी के शहीदों के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal



