- शहीद के पिता लक्ष्मण साहू और माता उर्मिला बाई साहू के जंगलपुर वापस लौटने पर गौरवमयी क्षण : जिला प्रशासन और ग्रामवासियों ने किया हार्दिक अभिनंदन
- भारत माता के जयकारे से गूंज उठा जंगलपुर
- अपनी जान की परवाह न करते हुए पूर्णानंद साहू ने अंतिम सांस तक जाबांजी से नक्सलियों से लिया था लोहा
द सीजी न्यूज
राजनांदगांव / जिले के ग्राम जंगलपुर निवासी सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के आरक्षक शहीद पूर्णानंद साहू को मरणोपरांत उनके अदम्य साहस और वीरता के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शौर्य चक्र से सम्मानित किया। ग्राम जंगलपुर में शहीद पूर्णानंद साहू को जिला प्रशासन के अधिकारियों व ग्रामवासियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
शहीद पूर्णानंद साहू के पिता लक्ष्मण साहू और माता उर्मिला बाई साहू के जंगलपुर वापस आने पर गौरवमयी क्षणों में जिला प्रशासन और ग्रामवासियों द्वारा उनका हार्दिक अभिनंदन किया गया। अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय व एसडीएम हितेश पिस्दा ने शहीद पूर्णानंद साहू को पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। भारत माता के जयकारे से जंगलपुर गूंज उठा।
इस अवसर पर शहीद पूर्णानंद साहू के चाचा प्रकाश साहू, बहन ओनिषा साहू, डुमेश्वरी साहू, भाई निलेश साहू और एसडीओपी अजीत ओगरे, लालबाग थाना प्रभारी जितेन्द्र वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि 10 फरवरी 2020 को बीजापुर के पामेड़ थाना के ग्राम ईरापल्ली में क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान में सीआरपीएफ के 204 कोबरा बटालियन के जवानों का दल निकला था। पार्टी सर्चिंग करते आगे गढ़ रही थी कि हथियारबंद नक्सलियों द्वारा आटोमेटिक हथियार से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी गई।
सीआरपीएफ के 204 कोबरा बटालियन के आरक्षक पूर्णानंद साहू ने अपनी जान की परवाह न करते हुए नक्सलियों पर फायरिंग की और नक्सलियों के फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया। गंभीर रूप से जख्मी होने के बाद भी पूर्णानंद साहू ने अंतिम सांस तक बड़ी जाबांजी से नक्सलियों के फायरिंग का जवाब दिया। इसके बाद नक्सली भाग खड़े हुये। मुठभेड़ में सीआरपीएफ कोबरा बटालियन 204 के आरक्षक पूर्णानंद साहू सहित 2 जवान शहीद हो गए और 4 अधिकारी-कर्मचारी घायल हो गये।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


