- सीएम भूपेश बघेल ने किया लोकार्पण
- प्रदेश में पर्यटकों के लिए अपने किस्म का पहला मिडवे रिसार्ट, जहां राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर के व्यंजन उपलब्ध
- रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे में केशकाल घाटी से लगे हुए 25 एकड़ में फैला है रिसार्ट
- रायपुर से 160 और जगदलपुर से 140 किमी में खालेमुरवेंड में बना है रिसार्ट
द सीजी न्यूज

रायपुर से बस्तर की ओर जाने वाले बेहद व्यस्त नेशनल हाईवे में अभी तक कोई ऐसा अच्छा फूड जोन नहीं था, जहां टूरिस्ट थकान दूर कर सकें और हाइजिनिक फूड का सेवन कर चारों ओर फैली प्राकृतिक सुंदरता के वातावरण में कुछ समय बिता सकें। खाल्हेमुरवेंड में बने लीमदरहा मिडवे रिसार्ट ने यह कमी पूरी कर दी है। यह प्रदेश का पहला सर्व सुविधायुक्त मिडवे रिसार्ट होगा, जहां राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के व्यंजन उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 7 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अपनी तरह के अनूठे रिसॉर्ट का आज लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री के साथ कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम, केशकाल विधायक संतराम नेताम, अंतागढ़ विधायक अनूप नाग, नारायणपुर विधायक चंदन कश्यप, मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। यहां घूमने आए पर्यटकों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी खिंचाने का आग्रह किया और सुझाव दिया कि गेम जोन भी होना चाहिए ताकि बच्चों को घूमने में मजा आए। पर्यटकों के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही यहां गेम जोन विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने ई-रिक्शा में बैठकर लीमदरहा रिसोर्ट का निरीक्षण किया।
जिला प्रशासन कोंडागांव द्वारा बनवाया गया यह रिसार्ट यात्रियों को स्वादिष्ट फूड चेन के साथ ही हाइजीनिक टायलेट युक्त सुंदर काटेज भी रिफ्रेशमेंट के लिए उपलब्ध होगा। इसके साथ ही यहां स्थानीय लोगों को बड़े पैमाने पर रोजगार भी दिलाया जा सकेगा। इस एनएच से हर दिन 200 बसें और हजारों कारें गुजरती हैं। खाल्हेमुरवेंट रायपुर से 160 किमी और जगदलपुर से 140 किमी है।
लीमदरहा मिडवे रिसार्ट 25 एकड़ में फैला है और इसके बगल से लीमदरहा नाला गुजरता है। रिसार्ट तीन भागों में बंटा है। पहला फूड जोन जिसमें 10 शॉप हैं जो कई तरह के फूड आप्शन लोगों को उपलब्ध होंगे। दूसरा डाइनिंग रेस्टोरेंट जहां नाले का सुंदर व्यू मिलेगा और काटेज की सुविधा उपलब्ध है। तीसरे भाग में चार शॉप हैं, जिसमें सी-मार्ट, शबरी जैसे शॉप होंगे।
गौरतलब है कि टूरिस्ट हाटस्पाट के रूप में बस्तर तेजी से विकसित हो रहा है। केशकाल घाट बस्तर का प्रवेश द्वार है। लीमदरहा मिडवे रिसार्ट केशकाल घाट से लगा है। इसके 40 काटेज एक दो साल में बन जाएंगे और पर्यटकों को रुकने की सुविधा भी मिल पाएगी। अगले छह महीनों में पर्यटकों को कन्वेंशन हाल की सुविधा भी मिल पाएगी। लीमदरहा का प्रबंधन ग्रैंड इम्पीरिया का होगा। रिसार्ट की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यहां के प्रसाधन और फूड जोन के लिए टूरिस्ट का प्रवेश हमेशा निःशुल्क रहेगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

