द सीजी न्यूज
कोटा । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से नीट की तैयारी करने राजस्थान की कोचिंग सिटी कोटा आई 17 वर्षीय एक छात्रा की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। छात्रा का शव कोटा के समीप स्थित रावतभाटा में जवाहर सागर बांध के पास जंगलों में मिला है। हत्या की शिकार हुई छात्रा तीन दिन पहले लापता हुई थी। उसके बाद बुधवार को उसका शव मिला है। छात्रा तीन दिन पहले अपने फ्रेंड के साथ घूमने निकली थी। छात्रा के लापता होने के बाद से उसका फ्रेंड फरार है।

पुलिस उप अधीक्षक अंकित जैन ने बताया कि लड़की नाबालिग है। प्रकरण में हत्या व पोक्सो की धारा में मामला दर्ज किया गया है। लड़के को गुजरात से डिटेन कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक हत्या की शिकार हुई छात्रा नीट की तैयारी करने के लिये चार-पांच महीने पहले कोटा आई थी। वह यहां एक हॉस्टल में रह रही थी। छात्रा की सोशल मीडिया पर गुजरात निवासी एक युवक से दोस्ती हो गई थी। प्रांरभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा का यह दोस्त 4 जून को कोटा आया था। उसके बाद 6 जून को सुबह छात्रा और उसका दोस्त रावतभाटा घूमने के लिए गये थे। छात्रा देर शाम तक वापस नहीं आई तो हॉस्टल संचालक ने उसके परिजनों और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद छात्रा के परिजन कोटा पहुंच गए।
बुधवार देर रात जंगल में मिला शव
छात्रा के परिजनों ने कोटा के आरकेपुरम थाने में उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया। पुलिस छात्रा की तलाश कर रही थी। इसी दौरान बुधवार देर रात रावतभाटा के पास जंगल में छात्रा का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कर उसे अपने कब्जे में ले लिया। शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया. बेटी की हत्या की सूचना से उसके परिजन सदमे में हैं।
फ्रेंड की तलाश में गुजरात गई पुलिस की टीमें
बहरहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी है। छात्रा के लापता होने के बाद से ही उसका फ्रेंड फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। युवक की तलाश में पुलिस की टीमें गुजरात गई हैं। छात्रा करीब डेढ़ माह पहले ही छत्तीसगढ़ से वापस कोटा लौटी थी। हत्या की वजह क्या हो सकती है, इसका अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। राजस्थान पुलिस गुजरात से युवक को गिरफ्तार कर कोटा लेकर आ रही है।