द सीजी न्यूज
नई दिल्ली। सोनिया और राहुल गांधी को नेशनल हेराल्ड मामले में भेजे गए समन के विरोध में कांग्रेस के पैदल मार्च में शामिल छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस के तमाम सांसदों, महासचिवों और राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस मुख्यालय से ईडी कार्यालय तक पैदल मार्च कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।आज पुलिस ने ईडी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं के साथ हल्का बल प्रयोग किया और कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी से पहले मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि सेंट्रल एजेंसीज का दुरुपयोग किया जा रहा है। विपक्ष को दबाने की कोशिश की जा रही है। लेकिन, हम दबने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी जब ईडी के सामने पेश होंगी, तब इससे भी बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। दिल्ली पुलिस चाहे कितनी भी बैरिकेडिंग कर ले, कितना भी प्रयास करके देख ले, सत्य की जीत होगी। कानून का राज कहां है, तानाशाही हो रही है।
राहुल गांधी से नेशनल हेराल्ड मामले में वित्तीय जांच एजेंसी पूछताछ को लेकर कांग्रेस आज देशव्यापी प्रदर्शन कर ईडी आफिस का घेराव कर रही है। इस प्रदर्शन में शामिल होने छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, मंत्री टीएस सिंहदेव सहित कई दिग्गज नेता दिल्ली पहुंचे हैं। इधर, रायपुर में भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की अगुवाई में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता ईडी आफिस का घेराव कर रहे हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
