- मुख्यमंत्री की सक्रियता और देश भर से करोड़ों लोगों की दुआओं से बेटे को मिला नया जीवन – गीता साहू
द सीजी न्यूज
अस्पताल के आईसीयू में राहुल की माँ गीता साहू बार-बार अपने बेटे का माथा चूम रही है … मेरा लाल … मेरा लाल कहकर सिर पर हाथ फेर रही है। लगातार निहारते हुए बार-बार दुलार रही है। अपने बेटे राहुल साहू के एक-एक जख्मों को देख रही है। ईश्वर को धन्यवाद दे रही है।
राहुल सुन नहीं सकता, पर माँ के हाथों में वो जादू है जिसे सिर्फ महसूस भर किया जा सकता है, सुनने की जरूरत ही कहाँ है । राहुल बोल भी नहीं सकता, एकटक माँ को ही देख रहा, माँ उसे निहार रही है। अब मां-बेटे के जज्बातों को समझने के लिए शब्दों की क्या जरूरत। राहुल और उसकी माँ का प्यार देख लीजिये, ऐसे लगेगा जैसे दोनों को पूरी दुनिया मिल गई हो।

अस्पताल में राहुल की माँ गीता साहू से जो भी मिलने आ रहा है, वो दोनों हाथ जोड़कर कृतज्ञता जता रही है। गीता ने पांच दिनों से कुछ नहीं खाया और ना ही सो पाई हैं। वे कहती हैं कि भगवान कैसे होते हैं, बीते पांच दिनों में देख लिया है। मेरा तो बेटा है राहुल, पर बाकी लोग उसे बचाने के लिये दिन-रात ,भूखे-प्यासे, बिना सोए जुटे रहे। ये सब मेरे लिये साक्षात भगवान हैं। मैंने तो सिर्फ राहुल को जन्म दिया है, लेकिन सभी ने मिलकर उसे नया जन्म दिया है । देश भर से करोड़ों लोगों की दुआओं ने असर किया है और आज मेरा बेटा मेरे सामने है।
गीता साहू ने कहा – मुख्यमंत्री को हम सब परिवार के लोग करोड़ों बार प्रणाम करते हैं। वे दिन-रात राहुल की खबर लेते रहे। यहां अधिकारियों के पास और हमारे पास भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लगातार फोन करते रहे। सरकार, प्रशासन और बेटे को निकालने में लगी टीम को जीवन भर दुआएं दूंगी । भगवान सभी के बच्चों को लंबी उम्र दे।
दरअसल राहुल के बोरवेल में गिरने के बाद गीता ने ही सबसे पहले खोजते हुए राहुल की आवाज सुनी थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को राहुल घर के बाहर खेल रहा था। जब बहुत देर तक नहीं आया तो चिंता हुई। मैं खोजने निकली तो बोरवेल के पास राहुल के रोने की आवाज आई। मैं करीब गई और कान लगाकर सुना तो राहुल ही रो रहा था। इसके बाद हमने प्रशासन को सूचना दी। बिना देर किये सभी लोग आ गए और बचाव कार्य शुरू कर दिए।
याद दिला दें कि जांजगीर के पिहरीद गांव में बोरवेल में फंसे राहुल को 106 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार की रात सकुशल निकाला गया था। इसके बाद राहुल को बिलासपुर के अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है, डॉक्टरों के मुताबिक राहुल को कोई बड़ी समस्या नहीं है। बोरवेल में गिरने से जो घाव हुए हैं वो जल्द ही भर जाएंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
