Breaking News

अग्निपथ की आग और फैली : तोड़फोड़ – आगजनी – लूटपाट – पथराव – हाईवे जाम : भाजपा नेताओं पर हमला

  • केंद्र ने देशव्यापी विरोध के बीच गुरुवार को ‘अग्निपथ’ सैन्य भर्ती योजना के लिए आयु सीमा 21 से बढ़ाकर 23 कर दी है। सरकार ने कहा कि यह निर्णय इसलिए लिया गया है, क्योंकि पिछले दो वर्षों में कोई भर्ती नहीं हुई है।

द सीजी न्यूज 

केंद्र सरकार द्वारा सेना में भर्ती के लिए 14 जून को लागू की गई अग्निपथ स्कीम के खिलाफ तीसरे दिन भी बिहार, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में प्रदर्शन जारी रहा। अग्निपथ की आग बिहार, उत्तर प्रदेश , मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना समेत सात राज्यों तक पहुंच गई है। आंदोलन हिंसक हो चुका है। तेलंगाना के सिकंदराबाद में भड़की हिंसा में एक शख्स की गोली लगने से मौत हो गई। 15 लोग घायल हुए हैं। युवाओं का सबसे ज्यादा उग्र प्रदर्शन बिहार और उत्तर प्रदेश में देखने मिल रहा है।

अग्निपथ योजना के खिलाफ बिहार तीसरे दिन भी जला। प्रदर्शनकारियों ने राजधानी पटना समेत 25 जिलों में जमकर उपद्रव किया। दानापुर और लखीसराय स्टेशन समेत आधा दर्जन से अधिक स्टेशनों पर आगजनी की गई। 10 ट्रेनों को आग के हवाले कर दिया गया। लखीसराय में जनसेवा एक्सप्रेस में आगजनी के दौरान एक 25 वर्षीय यात्री की मौत हुई है। जगह-जगह पुलिस पर पथराव किया गया। पुलिस ने लाठीचार्ज और फायरिंग की। इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। 50 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।

बिहार के बेतिया में प्रदर्शनकारियों ने राज्य की उप मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता रेणु देवी और राज्य बीजेपी अध्यक्ष संजय जायसवाल के घर पर हमला बोल दिया। यहां पर भाजपा विधायक विनय बिहारी की गाड़ी पर पथराव किया गया। सासाराम और मधेपुरा में भाजपा दफ्तर को प्रदर्शनकारियों ने फूंक दिया। एक दिन पहले नवादा में भाजपा कार्यालय को जला दिया गया था। दो विधायकों पर हमले हुए थे। प्रदर्शनकारी अग्निपथ योजना में बदलाव करने के बाद भी बहाली की पुरानी पद्धति को लागू करने की मांग कर रहे हैं। आंदोलनकारी युवा बिहार के बक्सर, समस्तीपुर, सुपौल, लखीसराय और मुंगेर और उत्तर प्रदेश के बलिया, बनारस, चंदौली में हंगामा कर रहे हैं। कई जगहों पर प्रदर्शनाकिरयों ने ट्रेनें फूंक दी हैं। कई जगह रेलवे स्टेशनों में तोड़फोड़ की गई है। कई जगह युवकों की भीड़ रेल ट्रैक पर बैठकर प्रदर्शन कर रही है। वाराणसी में अग्निपथ योजना के विरोध में कई युवा रेलवे ट्रैक पर ही पुश अप्‍स करते दिखाई दिए। भड़के युवकों ने  बिहार के समस्तीपुर में जम्मूतवी-गुवाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन के डिब्बों में आग लगा दी है। लखीसराय में भी आगजनी की खबर है।

पटना के पालीगंज में उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। थाना के नजदीक पुलिस की 2 गाड़ियां आग के हवाले कर दिया। एक सरकारी बस को फूंक दिया। गुस्साए छात्रों ने थाने पर जमकर पथराव किया। इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।पुलिस ने दो दर्जन राउंड गोलियां चलाईं। दो दर्जन उपद्रवियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। भागलपुर के नवगछिया के खरीक में आंदोलनकारी छात्रों ने पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने 6 राउंड हवाई फायरिंग की। पथराव में एसडीपीओ समेत कई पुलिस जवान घायल हुए हैं।

सुबह से करीब 10 ट्रेनों को निशाना बनाया गया है। समस्तीपुर में 2, लखीसराय में 2, दानापुर, फतुहा, आरा, सुपौल और गया में एक-एक यात्री ट्रेन में प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी। वहीं, बक्सर और नालंदा समेत कई जिलों में रेलवे ट्रैक पर आगजनी की गई है। आरा के बिहिया रेलवे स्टेशन पर उपद्रवियों ने स्टेशन पर लूटपाट की है। टिकट काउंटर से लगभग 3 लाख रुपए लूट लिए हैं। बेतिया में यात्रियों को ट्रेन से उताकर मारपीट की गई।

संपर्क एक्सप्रेस में भी आग लगाने की सूचना है। ट्रेन दरभंगा से नई दिल्ली जा रही थी। उपद्रवियों ने पहले ट्रेन में जमकर तोड़फोड़ और लूटपाट की। इसके बाद आग लगा दी। उत्तर प्रदेश के बलिया में पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज की खबर है। अग्निपथ की आग मध्य प्रदेश के इंदौर तक पहुंच गई है। लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन पर 300 से अधिक छात्रों ने आज हंगामा बोल दिया और ट्रेनें रोक दीं। इस दौरान पथराव की भी खबर है।

यूपी के अलीगढ़ जिले में प्रदर्शनकारियों ने पंचायत अटारी के चेयरमैन नगर पंचायत जट्टारी के चेयरमैन भाजपा राजपाल सिंह की स्कॉर्पियो गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों को रोकने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। घटना अलीगढ़ के थाना टप्पल क्षेत्र के कस्बा जट्टारी के पास की है।

Check Also

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री की शुभकामनाएं प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों के लिए प्रेरणा और गौरव का विषय : मुख्यमंत्री साय

THE CG NEWS रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!