द सीजी न्यूज
नागरिक आपूर्ति निगम के चावल की लोडिंग-अनलोडिंग करने वाले हमालों की हड़ताल को लेकर आज कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने विधायक अरुण वोरा की मौजूदगी में ठेकेदार और हमाल यूनियन की बैठक ली। कलेक्टर ने दोनों पक्षों की बातें सुनने के बाद स्पष्ट कहा कि किसी भी मजदूर को काम से नहीं हटाया जाएगा। कलेक्टर ने दोनों पक्षों के बीच आपसी सामंजस्य से मामला सुलझाने के लिए एसडीएम मुकेश रावटे को दिशानिर्देश दिये हैं। वोरा ने कलेक्टर से इस मामले का सर्वमान्य समाधान निकालने कहा है।
बैठक में स्टेट वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन के चेयरमेन वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने कहा कि पिछले 30-40 साल से गोदाम में हमाल का काम करने वाले गरीब मजदूर परिवारों से उनकी रोजी-रोटी नहीं छीनी जाएगी। दूसरे जिलों में समन्वय और सहयोग से कार्य किया जा रहा है। दुर्ग में भी आपसी सहयोग से काम किया जाना चाहिए। बैठक में एसडीएम मुकेश रावटे, फूड कंट्रोलर सीपी दीपांकर, नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारी समेत हमाल यूनियन से कामता प्रसाद जायसवाल और ठेकेदार गोविंदराज नायडू सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर ने नागरिक आपूर्ति निगम और फूड विभाग के अफसरों से कहा है कि गोदाम से पीडीएस के चावल की लोडिंग-अनलोडिंग कार्य में किसी भी तरह की रुकावट नहीं होनी चाहिए। किसी भी वजह से पीडीएस सिस्टम के तहत अनाज के ट्रांसपोर्टेशन में बाधा न आने पाए।
ठेकेदार और हमालों के बीच इसलिए हो रहा है विवाद
नागरिक आपूर्ति निगम के ठेकेदार गोविंदराज नायडू का कहना है कि ठेका लेने के बाद पूर्व से काम करने वाले हमालों को काम पर रखने या दूसरे हमालों को यहां काम देने का फैसला वे ही करेंगे। दूसरी ओर, हमाल संघ के कामता प्रसाद जायसवाल का आरोप है कि पिछले 30-40 साल से सैकड़ों मजदूर परिवार यहां लोडिंग-अनलोडिंग का काम कर रहे हैं। ठेकेदार द्वारा बाहर से हमालों को बुलाकर काम दिया जा रहा है। इससे यहां काम करने वाले हमालों के समक्ष भूखों मरने की नौबत आ जाएगी। जायसवाल ने साफ कहा कि बाहर से आए हमालों को यहां घुसने नहीं दिया जाएगा।
एक हफ्ते से बंद है लोडिंग-अनलोडिंग का काम
आपको बता दें कि पिछले एक हफ्ते से कृषि उपज मंडी परिसर में स्थित स्टेट वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन के गोदाम में हमालों की हड़ताल चल रही है। हमालों का आरोप है कि नागरिक आपूर्ति निगम के ठेकेदार गोविंद राज नायडू द्वारा पूर्व से काम करने वाले हमालों को हटाकर बाहर से मजदूरों को लाकर काम दिया जा रहा है। इस मामले को लेकर पिछले दिनों विवाद इतना बढ़ा कि गुस्साए हमालों ने ठेकेदार समेत नान व फूड विभाग के अफसरों का घेराव कर दिया। इस दौरान धक्कामुक्की भी हुई। हमालों की हड़ताल के कारण पीडीएस के चावल का ट्रांसपोर्टेशन राशन दुकानों में न होने की जानकारी भी मिली है। अब कलेक्टर ने सख्ती से कहा है कि पीडीएस सामग्री के ट्रांसपोर्टेशन में किसी भी हालत में रुकावट नहीं आने दी जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
