द सीजी न्यूज
दुर्ग / भिलाई के कला मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में गृह एवं लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू ने शहीद परिवारों के परिजनों को सम्मानित किया। शहादत के सम्मान के मौके पर गृह मंत्री ने कहा कि देश भक्ति का जज्बा सबसे बड़ा जज्बा है। जो जवान अपने प्राणों को देश पर न्योछावर कर देते हैं, वे हमारे लिए पूजनीय हैं। अपने साहस और शौर्य से वे मातृभूमि की सुरक्षा करते हैं। उनके प्रति हम सब कृतज्ञ हैं।
इस मौके पर विधायक अरुण वोरा ने कहा कि शहीदों ने अपने खून से इस देश को सींचा है। आज हमारा देश जितना मजबूत है, उसके पीछे हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शहीद जवानों का बड़ा योगदान है। दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल ने शहादत का सम्मान करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से शहीद परिवारों का संबल बढ़ता है।
कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि हम शहीद जवानों के प्रति कृतज्ञ हैं, जिन्होंने अपने साहस से हमारे देश की सुरक्षा की। आपकी देशभक्ति के जज्बे की वजह से देश सुरक्षित है। एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने कहा कि हम सभी शहीद जवानों के प्रति कृतज्ञ हैं। आज स्वाधीनता दिवस के पूर्व हम सभी शहीद परिवारों के परिजनों के साथ हैं। देश सेवा कर और लोगों की मदद कर हम शहीद जवानों के प्रति अपनी सच्ची श्रद्धांजलि व्यक्त कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान सभी जवानों के हाथों में तिरंगा झंडा लहराते रहा। एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने जवानों के साथ हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नगमे गाये और पूरा माहौल देश भक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal




