छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना का पता चला है। पिछले 2 दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से जिले के पखांजूर इलाके में घर की दीवार ढहने से 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में माता-पिता और तीन मासूम बच्चियां शामिल हैं। सूचना मिलने के बाद कांकेर कलेक्टर और एसपी के साथ जिला प्रशासन की पूरी टीम घटनास्थल के लिए निकल गई लेकिन घटनास्थल पर नहीं पहुंच सकी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना में परिमल मलिक और उनकी पत्नी व तीन बच्चों की मृत्यु की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन कांकेर को पीड़ित परिवार के परिजनों को आरबीसी 6-4 के तहत तत्काल सहायता प्रदान करने के निर्देश दिये हैं।
कलेक्टर ने की हेलीकॉप्टर की मांग
लगातार बारिश की वजह से नदी-नाले उफान पर हैं और घटनास्थल तक पहुंचने के लिए रास्ते मे पड़ने वाला कोडनार नदी में भी पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। इसके कारण पूरा प्रशासनिक अमला नदी के इस पार ही फंसा हुआ है। कलेक्टर ने राज्य सरकार से बात कर हेलीकॉप्टर की मांग की है, ताकि मौके पर पहुंच दीवार ढहने से मलबे में फंसे सभी मृतकों को बाहर निकाला जा सके.
घटनास्थल तक पहुंचने के सभी मार्ग बंद
कांकेर कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला ने बताया कि घटना रविवार देर रात की है, उस समय भारी बारिश की वजह से पखांजुर के सेक्टर पी. व्ही गांव 110 में एक मिट्टी की मकान की दीवार ढह गई। घटना के वक्त घर मे 3 बच्चियां और माता पिता सोए हुए थे और मलबे में दबकर सभी की मौके पर ही मौत हो गई। कांकेर मुख्यालय से पखांजुर के रास्ते पर परलकोट के पास नदी का पानी पुल के ऊपर से लगभग 5 फीट बह रहा है। इसी कारण प्रशासन की टीम घटनास्थल तक नही पहुंच पायी है। प्रशासन की टीम ने नाव से नदी पार करने की कोशिश की जा रही थी लेकिन तेज बहाव होने के चलते यह संभव नहीं हुआ। लगातार बारिश के कारण विजिबिल्टी को लेकर परेशानी है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal