- परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर के निर्देश पर राज्य में जारी है अभियान
- स्पीड गवर्नर और फिटनेस का पालन न करने वाले यात्री वाहनों से वसूला गया जुर्माना
- यात्री वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री होने पर होगी सख्त कार्रवाई
द सीजी न्यूज
परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर बीते 15 दिनों में 6 ड्राइविंग स्कूलों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई। कुशल प्रशिक्षण के संचालन संबंधी प्रक्रिया और परिवहन विभाग के नियम व शर्तों का पालन न करने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। परिवहन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाते हुए यात्री वाहनों में स्पीड गवर्नर न लगाने सहित अन्य कारणों से 39,500 रुपए समन शुल्क और 14,900 रुपए समझौता शुल्क वसूल किया गया है।
परिवहन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, मुंगेली, सरगुजा और कोरबा जिले से ड्राइविंग स्कूल निलंबित किए गए हैं। परिवहन विभाग द्वारा यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और प्रशिक्षण के कुशल संचालन संबंधी प्रक्रिया का पालन नहीं करने वाले ड्राइविंग स्कूलों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग द्वारा आम जनता से अपील की गई है कि वे अपने क्षेत्र अंतर्गत ऐसे किसी भी ड्राइविंग स्कूल या सेंटर के बारे में परिवहन मुख्यालय और संबंधित क्षेत्रीय परिवहन अथवा जिला परिवहन कार्यालय को सूचित कर सकते हैं।
परिवहन विभाग द्वारा अभियान के तहत रायपुर जिले के अंतर्गत नेशनल ड्राइविंग स्कूल रायपुर को स्पष्टीकरण जारी किया गया। नेशनल ड्राइविंग स्कूल रायपुर द्वारा निर्धारित एड्रेस की जगह दूसरे एड्रेस पर स्कूल का संचालन किया जा रहा था। इंडियन मोटर ड्राइविंग स्कूल रायपुर को अवैध ढंग से संचालन के कारण 4 अगस्त को स्पष्टीकरण जारी किया गया। तेज सिंह मोटर ड्राइविंग स्कूल बिलासपुर, नया सबेरा ड्राइविंग स्कूल राजनांदगांव, डी.के.एफ. मोटर ड्राइविंग स्कूल अंबिकापुर और बाबा मोटर्स कोरबा ड्राइविंग स्कूलों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया गया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
