द सीजी न्यूज
अडाणी ग्रुप ने मीडिया समूह एनडीटीवी में 29 फीसदी की हिस्सेदारी खरीद ली है। इसके बाद खबर उड़ी कि मशहूर एंकर रवीश कुमार ने एनडीटीवी चैनल से इस्तीफा दे दिया है। अफवाह यह भी उड़ी कि वे जी टीवी ज्वाइन करने वाले हैं। खबरों में बताया गया कि उन्हें जी टीवी में सुधीर चौधरी वाले डीएनए शो के लिए एंकरिंग करेंगे। इन अफवाहों का खुद रवीश कुमार ने जवाब दिया है। अपने अंदाज में उन्होंने ट्वीट कर अफवाहों का खंडन करते हुए ट्वीट किया है कि ‘माननीय जनता, मेरे इस्तीफ़े की बात ठीक उसी तरह अफ़वाह है, जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुझे इंटरव्यू देने के लिए तैयार हो गए हैं और अक्षय कुमार बंबइया आम लेकर गेट पर मेरा इंतज़ार कर रहे हैं।’
रवीश कुमार ने खुद को दुनिया का पहला और सबसे महंगा जीरो टीआरपी एंकर भी बताया है। रवीश कुमार के ट्वीट को बड़ी संख्या में लोगों ने रीट्वीट किया है। स्पष्ट हो गया है कि फिलहाल रवीश कुमार एनडीटीवी में ही रहेंगे। इधर, शेयर बाजार में इस फैसले से उत्साह देखने को मिला है। एनडीटीवी के शेयरों में बड़ा उछाल आया है। मंगलवार को एनडीटीवी का शेयर 366 रुपये पर बंद हुआ था, लेकिन बुधवार की सुबह इसमें फिर से तेजी देखने को मिली है। फिलहाल यह 388 रुपये पर कारोबार कर रहा है। एनडीटीवी के शेयरों में इस साल 300 फीसदी से ज्यादा का उछाल देखने को मिला है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

