- नगर निगमों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने का प्रयास करें महापौर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
- मुख्यमंत्री अखिल भारतीय महापौर परिषद के 51वें वार्षिक सम्मेलन में शामिल हुए
द सीजी न्यूज
अखिल भारतीय महापौर परिषद के 51 वें वार्षिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को कहा कि नगर निगमों में महापौर की भूमिका सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होती है। महापौर ही अपने शहर का असली लीडर होता है। महापौर अपने नगर निगमों को आर्थिक स्वावलंबी बनाने की दिशा में कार्य करें। जो महापौर शासन, प्रशासन, नागरिकों और अपनी टीम के साथ जितना बेहतर समन्वय बनाकर काम करते हैं, वे उतने ही सफल महापौर के रूप में लोकप्रिय होते हैं, उनका शहर उतना ही सुंदर होता है। आप सभी अपने-अपने शहरों में बेहतर से बेहतर काम कर रहे होंगे। मुझे यह कहते हुए गर्व होता है कि छत्तीसगढ़ में हमारे महापौरों ने बहुत उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों में एक बेहतर व्यवस्था का निर्माण किया गया है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े। हमारी वार्ड कार्यालय योजना के अंतर्गत नागरिक अपने वार्डों में ही शिकायतें दर्ज करा सकते हैं और समाधान प्राप्त कर सकते हैं। नागरिक सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं का सरलीकरण करते हुए मुख्यमंत्री मितान योजना शुरू की है। इसके अंतर्गत 13 तरह की नागरिक सेवाओं की घर पहुंच सुविधा दी जा रही है। अब 100 तरह की सेवाओं की घर पहुंच सेवा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने महापौरगणों को गोधन की आय के स्त्रोत के रूप में उपयोगिता बताते हुए कहा कि कई निगमों के गौठान में गोबर से बिजली उत्पादन प्रारम्भ किया गया है। निगम मुख्यालय भवन में गोबर से निर्मित पेंट से आकर्षक पेंटिंग का कार्य हो रहा है। सीएम ने अपने नगरों के नवाचारों की जानकारी देने सभी महापौरों से अनुरोध किया। दूसरे राज्यों के नवाचारों के नये कार्यों को प्रदेश के नगर निगमों में भी करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में महापौरगणों और पार्षदगणों का मानदेय सहित उनकी निधियों की राशि नगर हित के विकास कार्यों को तेजी देने बढ़ाई गई है।

इस अवसर पर महापौर एजाज ढेबर ने अपने सम्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ मॉडल की पूरा देश सराहना कर रहा है। कार्यक्रम में अखिल भारतीय महापौर परिषद के अध्यक्ष आगरा के महापौर नवीन जैन, मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री व परिषद के महामंत्री उमाशंकर गुप्ता, रायपुर ग्रामीण विधायक सत्यनारायण शर्मा, रायपुर उत्तर विधायक कुलदीप सिंह जुनेजा, निगम सभापति प्रमोद दुबे, दुर्ग के महापौर धीरज बाकलीवाल, भिलाई चरौदा के महापौर निर्मल कोसले, राजनांदगांव की महापौर हेमा देशमुख सहित देश के विभिन्न शहरों से आए महापौर उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
