- भिलाई के तालाबों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के साथ ही विकास कार्यों पर खर्च होगी राशि
- महापौर ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
- डॉ. बी.आर.अम्बेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया लोकार्पण, राजीव गांधी आश्रय पट्टा के अंतर्गत 11 हितग्राहियों को वितरित हुआ पट्टा
द सीजी न्यूज
भिलाई नगर/ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मदर टेरेसा जोन 03 वार्ड नंबर 33 में स्थित डॉ. बी. आर. अम्बेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन का उद्घाटन किया। इस मंगल भवन में 25 कमरे व एक हॉल है। जिसमें 12 कमरे ग्राउंड फ्लोर पर और 13 कमरे प्रथम तल पर हैं। सभी समाज के लोग शादी व अन्य कार्यक्रमों के लिए इसकी बुकिंग करा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने महापौर नीरज पाल की मांग पर भिलाई के पांचों जोन में विकास कार्यों के लिए एक-एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की। भिलाई के तालाबों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए 5 करोड़ रुपए की राशि देने की घोषणा भी की। महापौर ने इसके लिए मुख्यमंत्री का विशेष आभार जताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भिलाई में सभी समाज के लोग निवास करते हैं। इसलिए यहां सर्व समाज मांगलिक भवन की जरूरत थी। इससे क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। डॉ. बी.आर. अम्बेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन के लोकार्पित होने से शहर वासियों को एक सर्व सुविधायुक्त मांगलिक भवन मिल पाएगा। सभी वर्ग के लोग इसे सामाजिक, सांस्कृतिक व अन्य विभिन्न आयोजनों के लिए उपयोग कर पाएंगे। इस अवसर पर उन्होंने राजीव गांधी आश्रय पट्टा के अंतर्गत 11 हितग्राहियों को पट्टा वितरित किया।
कार्यक्रम में वन, आवास एवं परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर, विधायक देवेंद्र यादव, अंत्यावसायी सहकारी समिति एवं वित्त विकास निगम की उपाध्यक्ष नीता लोधी, छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा सदस्य) विजय साहू, गिरवर बंटी साहू, भूपेंद्र यादव, कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा, निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर, एसडीएम मुकेश रावटे व अन्य जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
