- डीएमएफ की बैठक में कई विकास कार्यों को मंजूरी दी गई
द सीजी न्यूज
डीएमएफ की बैठक में दुर्ग शहर में कई विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए की राशि मंजूर की गई है। पूरे जिले में शैक्षणिक अधोसंरचना विकसित करने 5 करोड़ और स्वास्थ्य अधोसंरचना के साथ ही दवाई आदि की खरीदी के लिए भी 5 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। शहर विधायक अरुण वोरा के प्रयासों से दुर्ग शहर में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, नगरीय विकास सहित अन्य क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए प्रस्तावों को आज डीएमएफ की बैठक में मंजूरी दी गई। बैठक में सांसद विजय बघेल, विधायक अरुण वोरा, देवेंद्र यादव, कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे।
दुर्ग शहर के लिए स्वीकृत कार्यों के तहत स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, दीपक नगर में लैब सामग्री पुस्तक, सीसीटीवी कैमरे और स्मार्ट क्लास, फर्नीचर खरीदी आदि कार्यों के लिए 41 लाख 40 हजार रुपए मंजूर किये गए हैं। इसी स्कूल में अतिरिक्त निर्माण कार्य के लिए 20 लाख रुपए की मंजूरी दी गई है। इसी तरह जेआरडी स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल में लैब सामग्री पुस्तक, सीसीटीवी कैमरे और स्मार्ट क्लास, फर्नीचर खरीदी सहित शौचालय मरम्मत कार्य के लिए 59 लाख रुपए मंजूर किये गए हैं। तितुरडीह में स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल में अतिरिक्त कक्ष सहित लैब सामग्री, पुस्तक आदि की खरीदी के लिए 65 लाख रुपए मंजूर किये गए हैं। दुर्ग में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम कॉलेज के लिए दो करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है।
अधिवक्ता संघ की लाइब्रेरी अपग्रेड करने के लिए 33 लाख रुपए मंजूर किये गए हैं। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की थी। इसी तरह प्रयास आवासीय विद्यालय में इलेक्ट्रिक कार्य, प्रोजेक्टर, कन्या आवासीय विद्यालय के हास्टल में प्रोजेक्टर खरीदी के लिए कुल 90 लाख रुपए स्वीकृत किये गए हैं। पुलगांव आईटीआई में मरम्मत कार्य के लिए 45 लाख रुपए मंजूर किये गए है।
इसी तरह पुलगांव एलएलआरएम सेंटर में शेड निर्माण कार्य के लिए साढ़े 5 लाख, कौशल विकास कार्यक्रम के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपए, सी मार्ट जैविक स्थापना के लिए 45 लाख, गोठान में शेड विस्तार, पेवर ब्लाक, बोर व शौचालय के लिए 65 लाख रुपए, आदर्श बाड़ी विकास के 10 कार्यों के लिए 75 लाख रुपए मंजूर किये गए हैं। इसके अलावा कई अन्य कार्यों के लिए भी राशि मंजूर की गई है।
विधायक अरुण वोरा ने डीएमएफ फंड से शहर में विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत होने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया है। वोरा ने कहा कि पूर्व की सरकार के कार्यकाल में जिला खनिज न्यास निधि की राशि जिले के विकास कार्यों में खर्च नहीं हो पाती थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सत्ता संभालते ही उन्होंने डीएमएफ की राशि का सदुपयोग संबंधित जिले के विकास में खर्च करने के निर्देश दिये। इसके सार्थक नतीजे मिल रहे हैं। स्वीकृत किये गए कार्यों से दुर्ग शहरवासियों के साथ ही पूरे जिले के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
