Breaking News

नगर निगम की फाइलें कबाड़ी को बेचने और शहर की गंभीर समस्याओं को लेकर भाजपा पार्षदों ने निगम आयुक्त को घेरा

  • कांग्रेसी परिषद के घपले-घोटाले को दबाने रद्दी में बेचे जा रहे हैं दस्तावेज -अजय वर्मा 

द सीजी न्यूज 

नगर निगम की कई महत्वपूर्ण फाइलों को कबाड़ी को बेचने सहित शहर में व्याप्त विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर आज भाजपा पार्षद दल ने नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा के नेतृत्व में निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे को ज्ञापन सौंपा। मामले की तत्काल जाँच कराने और दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई। वर्मा ने कहा कि कांग्रेसी परिषद के घपले घोटाले दबाने के लिए दस्तावेजों को बेचा जा रहा है।

पिछले दिनों गयानगर की कबाड़ी दुकान में निगम के बाजार विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग सहित अन्य विभागों की महत्वपूर्ण फाइलों को रद्दी के भाव में बेचे जाने का मामला सामने आया था। स्थानीय पार्षद नरेंद्र बंजारे द्वारा इन फाइलों को बेचे जाने का खुलासा किया गया। अब इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे के साथ ही शहर में बार बार जलसंकट और पानी शुद्धिकरण में गड़बड़ी, नगर चौपाटी में बने बाउंड्री वाल को गिराने और उसमें लगे लोहे के एंगल व फैंसिंग तार गायब होने, शहर की मार्गो मे गड्ढे और आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटना के मामलों में भाजपा पार्षदों ने निगम आयुक्त को घेरा।

भाजपा पार्षदों ने कहा कि निगम की हालत अस्त-व्यस्त है। महापौर धीरज बाकलीवाल की परिषद में बदहाली चरम पर है। शहर की जनता बेहद परेशान हैं। नगर निगम के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी सुरक्षित नहीं है। सत्ता पक्ष के निरंकुश रवैये के कारण अधिकारी-कर्मचारी मनमर्जी से काम कर रहे हैं। आयुक्त को ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा पार्षद चंद्रशेखर चंद्राकर, कांशीराम कोसरे, नरेंद्र बंजारे, देवनारायण चंद्राकर, नरेश तेजवानी, ओम प्रकाश सेन, अजीत सेन, मनीष साहू, लीना दिनेश देवांगन, शशी द्वारिका साहू, चमेली साहू, पुष्पा गुलाब वर्मा, कुमारी साहू, योगेन्द्र साहू, गुलाब वर्मा, जग्गी शर्मा, राकेश भारती प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

Check Also

नुआखाई समृद्ध कृषि परंपरा, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और अन्नदाता के परिश्रम का उत्सव : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री ने नुआखाई पर्व की दी हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं THE CG NEWS रायपुर। मुख्यमंत्री …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!