द सीजी न्यूज
जांजगीर चांपा । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के अवसर पर ऐलान किया था कि स्कूलों में सप्ताह में एक दिन छत्तीसगढ़ी भाषा में पढ़ाई होगी। इसके एक दिन बाद ही जांजगीर-चांपा के हाई स्कूल मुलमुला की व्याख्याता प्रतीक्षा सिंह ने कक्षा 10 वीं के विद्यार्थियों को अंग्रेजी विषय का अनुवाद छत्तीसगढ़ी में करते हुए पढ़ाया। मुख्यमंत्री के घोषणा पर त्वरित अमल कर विद्यार्थियों को पढ़ाने पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीटर और फेसबुक में इसे जारी किया और शिक्षिका और जांजगीर चांपा जिले की सराहना की। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को स्कूल भेजकर शिक्षिका का सम्मान कराया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शिक्षक दिवस पर राज्य में छत्तीसगढ़ी भाषा को बढ़ावा देने के लिए सभी स्कूलों में सप्ताह में एक दिन छत्तीसगढ़ी और आदिवासी बोली की शिक्षा प्रदान करने की घोषणा की है। सप्ताह में एक दिन छत्तीसगढ़ी भाषा में पढ़ाई से स्थानीय भाषा को बढ़ावा मिलेगा और छात्रों में पढ़ाई के प्रति लगाव उत्पन्न होगा। जिले के स्कूल में इसकी शुरुआत होने पर कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के निर्देश पर पामगढ़ विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र शुक्ला, व सहायक विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी जयराम सारथी समन्वयक द्वारा शिक्षिका प्रतीक्षा सिंह का सम्मान श्रीफल व पुष्पगुच्छ से किया गया। इस अवसर पर मुलमुला टीआई मोहले, समन्वयक मधुसूदन शर्मा, अजय मरावी और स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
