भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के लिए लोगों में दीवानगी देखने मिल रही है। उनके काफिले का रास्ते में इंतजार किया जा रहा है। कोई उन्हें पानी की बोतल देना चाहता है, तो कोई नारियल पानी पेश करता है। राहुल गांधी की दोस्ताना मुस्कुराहट और भोलापन उन्हें लोगों से जोड़ता है। राहुल गांधी की पदयात्रा में आम जनता राहुल गांधी को देखने के साथ ही उनके साथ चलने वाले पदयात्रियों को देख रही है। इस पदयात्रा में त्याग, तपस्या और नेक मकसद को देख रही है … मकसद – भारत को जोड़ने का मकसद … भाजपा को सबसे ज्यादा तकलीफ शायद इसी बात को लेकर है …
द सीजी न्यूज
3500 किलोमीटर की दूरी … लगातार पांच महीने तक रोज पैदल चलना … बदलते मौसम के बीच अलग अलग राज्यों से होकर गुजरते हुए इतनी लंबी यात्रा को काफी दुष्कर और कठिन माना जा रहा है। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को सदी की अब तक की सबसे लंबी पदयात्रा है। राहुल गांधी समेत करीब 120 लोग अगले 150 दिनों तक कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में पैदल चलेंगे। सफर मुश्किल है।
लेकिन गजब का जज्बा है इन पदयात्रियों में। इनका समर्पण भाव और जोश अद्भुत है। राहुल काफी तेज चलते हैं। उनके साथ कदमताल कर पाना हर किसी के लिए आसान नहीं है। 120 पदयात्रियों को पार्टी के प्रति उनकी अडिग निष्ठा के आधार पर चुना गया है। कठिन यात्रा पर जाने के लिए उनकी शारीरिक सहनशक्ति का आधार भी परखा गया है।
हालांकि सच ये है कि राहुल गांधी समेत 120 पदयात्रियों के अलावा हजारों पदयात्री रोज भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ रहे हैं। इनमें सोशल वर्कर, स्टू़डेंट्स, महिलाएं सभी वर्ग के लोग शामिल हैं। उनके जज्बे की एक झलक …
अमेरिका में पायलट की नौकरी छोड़ी, अब राहुल के साथ पद यात्री
कैप्टन सत्यम ठाकुर अमेरिका में पायलट थे। उन्होंने कांग्रेस से जुड़ने के लिए अपनी नौकरी छोड़ दी। भारत वापस आकर कांग्रेस में शामिल हुए। अब वे इस यात्रा में शामिल हो गए हैं। वे महाराष्ट्र के अपने गांव वांगाओ में लगभग पांच किलोमीटर रोजाना पैदल चलते थे, ताकि पैदल चलने की अच्छी प्रैक्टिस हो सके।
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जब लोगों ने उन्हें लंगड़ाकर चलते देखा तो उन्होंने एक बाइक पर बैठने की पेशकश की, लेकिन उन्होंने इससे इंकार कर दिया। उन्होंने धीरे-धीरे चलने का प्रण किया। इच्छा शक्ति मजबूत है। वे ड्रेसिंग के लिए पास के अस्पताल गए। डॉक्टर ने फीस लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल भारत जोड़ो यात्रा का समर्थन कर रहा है।
दिनेश में गजब का जुनून … राहुल के पीछे हमेशा नंगे पांव चलते हैं …
हरियाणा के दिनेश पंडित जींद के रहने वाले हैं। पूरा परिवार कांग्रेस का कट्टर समर्थक। गर्मी हो या बारिश या कड़ाके की ठंड, दिनेश पंडित यात्रा और रैलियों में नंगे पांव राहुल गांधी के पीछे रहते हैं। पूरे जोशखरोश के साथ पार्टी का झंडा लहराते हैं। उन्होंने राहुल गांधी के पीएम बनने तक न रुकने की कसम खाई है। वे एकमात्र ऐसे यात्री हैं जो पूरी यात्रा में नंगे पैर चल रहे हैं।
वे राहुल गांधी से मिल रहे स्नेह भाव की तारीफ करते हुए कहते हैं – ‘मैं आपको नहीं बता सकता कि मुझे अपने नेता से कितना प्यार मिलता है। वे मेरी परवाह करते हैं। जब भी वे मुझे देखते हैं तो मेरी तरफ इशारा करेंगे और पूछेंगे मुझे और क्या चाहिए। मुझे यकीन है कि मेरा सपना सच हो जाएगा. यह कहते ही उनकी आंखों से आंसू छलक आते हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal



