द सीजी न्यूज
भिलाई नगर/ नगर निगम भिलाई क्षेत्र के अंतर्गत अनाधिकृत विकास व निर्माण को लेकर सर्वे किया जा रहा है और नियमितीकरण के दायरे में लाने के लिए नोटिस थमाया जा रहा है। नोटिस मिलने के बाद भी नियमितीकरण न कराने पर भिलाई निगम द्वारा कड़ी कार्रवाई की जा रही है। आज भिलाई निगम ने ऐसे 8 स्थानों पर बड़े होटल एवं संस्थान, भवन और दुकान को सीलबंद करने की कार्रवाई की।
नेहरू नगर जोन अंतर्गत दो स्थानों पर, वैशाली नगर जोन अंतर्गत 4 स्थानों पर और शिवाजी नगर जोन अंतर्गत 2 स्थान पर नियमितीकरण न कराने वालों पर कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान, संस्थान, भवन को सील बंद किया गया। निगम आयुक्त रोहित व्यास ने अनाधिकृत विकास व निर्माण का नियमितीकरण कराने के लिए सर्वे करने, शिविर लगाने और नोटिस जारी कर नियमितीकरण के दायरे में लाने के लिए कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
आज निगम प्रशासन की टीम होटल वत्स पहुंची, जहां बेसमेंट में बने 2 अलग-अलग स्टोर रूम को सील किया और नजदीक में बने वत्स के दूसरे होटल में निर्मित पार्टी हॉल, जिसमें विवाह एवं जन्मोत्सव से संबंधित कार्यक्रम होते थे इसे भी पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में सील बंद कर दिया गया। वैशाली नगर जोन क्रमांक 2 क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 14 शांति नगर क्षेत्र में नियमितीकरण न कराने वाले चार भवन को निगम ने सील कर दिया। इसी प्रकार शिवाजी नगर जोन क्रमांक 4 क्षेत्र में सपना टॉकीज पावर हाउस के पास 2 दुकानों को नियमितीकरण न कराने पर सील किया गया। निगम की टीम अनाल होंडा और होटल सेंट्रल पार्क के अनधिकृत निर्माण को भी सील बंद करने निकली थी, लेकिन इसकी सूचना मिलते ही दोनों संस्थान के संचालक नियमितीकरण कराने निगम दफ्तर पहुंच गए और नियमितीकरण के लिए आवेदन दिया। जिसके कारण दोनों संस्थानों पर कार्यवाही रोक दी गई।
नियमितीकरण कराने की अधिक जानकारी के लिए भवन अनुज्ञा विभाग के उप अभियंता शहबाज अहमद के मोबाइल नंबर 9399414300 पर संपर्क किया जा सकता है और मुख्य कार्यालय सहित सभी जोन कार्यालय में नियमितीकरण के आवेदन किए जा सकते हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

