- राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय महत्व के स्थानों में खुलेंगे छत्तीसगढ़ संस्कृति केंद्र
- मुख्यमंत्री ने केंद्रों की स्थापना हेतु दो एकड़ शासकीय भूमि आबंटित करने का किया अनुरोध
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बड़ी पहल करते हुए विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ सरकार की ’’छत्तीसगढ़ कल्चरल कनेक्ट’’ योजना से अवगत कराया है। मुख्यमंत्री ने पत्र में ’’छत्तीसगढ़ कल्चरल कनेक्ट’’ योजना की जानकारी देते हुए लिखा है कि इन केंद्रों की स्थापना से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय महत्व के स्थानों में छत्तीसगढ़ के लोगों के निवास और भ्रमण की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने उक्त केंद्रों की स्थापना के लिए विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री से दो एकड़ शासकीय भूमि आबंटित करने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आश्वस्त किया है कि दूसरे राज्यों के संस्कृति केंद्र भी छत्तीसगढ़ में खोलने के लिए भूमि आबंटन की सहर्ष स्वीकृति दी जाएगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से ऋषिकेश, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र भाई पटेल से गिरनार और सोमनाथ, ओड़िसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से पुरी में, आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री वाय.एस. जगनमोहन रेड्डी से तिरूपति, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से शिरडी, झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से देवघर, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज और मथुरा में दो एकड़ शासकीय भूमि आबंटित करने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्र में लिखा है कि भारत में विभिन्न भाषाओं, जातियों, धर्मों और संस्कृतियों के लोग एक साथ रहते है। अनेकता में एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति व धरोहर है। विभिन्न संस्कृतियों के परस्पर आदान-प्रदान की प्रक्रिया की निरंतरता ने हमारे राष्ट्र को एकजुट रखने और शक्तिशाली बनाने में सहायता प्रदान की है। छत्तीसगढ़ की सरकार ने ’’छत्तीसगढ़ कल्चरल कनेक्ट’’ नामक योजना प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। योजना के तहत देश के विभिन्न भागों में स्थित राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक महत्व के स्थानों में छत्तीसगढ़ के लोगों के भ्रमण और निवास के लिए ’छत्तीसगढ़ संस्कृति केन्द्रों’ की स्थापना की जायेगी।
इन केन्द्रों के माध्यम से राज्यवासियों को न केवल देश की सांस्कृतिक बहुलता की जानकारी प्राप्त होगी बल्कि उन स्थानों पर छत्तीसगढ़ राज्य की संस्कृति, पुरातत्व और पर्यटन स्थलों की जानकारी देने के साथ ही छत्तीसगढ़ के परंपरागत हस्तशिल्प उत्पादों की भी अन्य राज्यों व देशों से आने वाले पर्यटकों को जानकारी मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आश्वस्त किया है कि यदि वे अपने राज्य की संस्कृति के प्रति छत्तीसगढ़ के लोगों की रूचि बढ़ाने की दृष्टि से छत्तीसगढ़ में सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों पर भूमि आवंटन की मांग करते है तो उस पर सहर्ष स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
