- शहरवासियों को इलाज की बेहतर सुविधा मिलेगी : वोरा
द सीजी न्यूज
दुर्ग / शासकीय जिला चिकित्सालय में 23.75 करोड़ की लागत से स्वीकृत क्रिटिकल केयर यूनिट ( सीसीयू ) का निर्माण शुरू हो गया है। चिकित्सालय परिसर में बन रहे सीसीयू में 11 करोड़ की लागत से भवन निर्माण कार्य कराने के बाद 12.75 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक मशीनरी व अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। परिसर में स्थित जर्जर हो चुके टीबी अस्पताल को भी डिस्मेंटल कर नए भवन निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने स्वास्थ्य विभाग और सीजीएमएससी के अधिकारियों के साथ चिकित्सालय परिसर में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।
वोरा ने कहा कि पिछले 4 वर्षों में जिला अस्पताल का पूरी तरह से कायाकल्प किया गया है। सीएम भूपेश बघेल के नेतृत्व में बीते चार साल के दौरान अस्पताल का उन्नयन कार्य लगातार कराया गया। 11 करोड़ के सर्जिकल वार्ड, ट्रामा सेंटर, वायरोलॉजी लैब, हमर लैब, डेंटल केयर यूनिट, 3 करोड़ के ऑक्सीजन प्लांट, आइसोलेशन वार्ड के बाद क्रिटिकल केयर यूनिट और टीबी अस्पताल का निर्माण हो जाने के बाद दुर्ग जिला अस्पताल सर्वसुविधायुक्त हो गया है। क्रिटिक्ल केयर यूनिट का निर्माण होने पर शहरवासियों के साथ ही आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए जिला मुख्यालय में ही बेहतर सुविधा मिलेगी।
वोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर बनाने लगातार राशि स्वीकृत की जा रही है। 20 वार्डों में हमर क्लिनिक निर्माण, मोबाइल मेडिकल यूनिट से लोगों को घर के आसपास ही इलाज की सुविधा मिल रही है। पोटिया, बघेरा और धमधा नाका में 75-75 लाख की लागत से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी बेहतर सुविधा मिलने से लोगों का इलाज हो रहा है। वोरा ने कहा कि जल्द ही अस्पताल परिसर में नवीन क्रिटिकल केयर यूनिट और टीबी अस्पताल का भवन जनता को समर्पित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान डॉ राजेन्द्र खंडेलवाल, उप अभियंता ललित वर्मा, एल्डरमैन राजेश शर्मा व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
