Breaking News

महापौर धीरज बाकलीवाल ने शायराना अंदाज में पेश किया दुर्ग नगर निगम का लुभावना बजट : जनकल्याणकारी बजट से जनता की उम्मीदें होगी पूरी : उजड़ चुकी पुष्पवाटिका में बनाएंगे रोज गार्डन

  • महापौर धीरज बाकलीवाल गोबर से बना ब्रीफकेस लेकर पहुंचे सदन
  • दुर्ग शहर के 10 हॉस्पिटल, नर्सिंग होम में पार्षदों, पत्रकारों और निगम के अधिकारी, कर्मचारियों को मिलेगी इलाज में 50 प्रतिशत तक छूट 
  • दाह संस्कार करने कमजोर परिवारों समेत सभी वर्ग के लोगों के लिए कंडा और लकड़ी उपलब्ध कराने का संकल्प लिया

द सीजी न्यूज

दुर्ग/ महापौर धीरज बाकलीवाल ने दुर्ग नगर निगम का लोकलुभावन बजट पेश किया। शायराना अंदाज में एक से एक शेर पढ़ते हुए महापौर धीरज बाकलीवाल ने बजट पेश करते हुए शहर को कई सौगातें दी। नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा समेत टोकाटाकी करने वाले अन्य पार्षदों को अपने अलग अंदाज में शांत कराते हुए महापौर ने बजट पेश करते हुए इसे अंगीकृत करने की अपील की। करीब चार घंटे की चर्चा के बाद बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

इससे पहले निगम सभापति राजेश यादव ने बजट सभा का संचालन करते हुए एक घंटे का प्रश्नकाल रखा जिसमें कई पार्षदों ने सवाल किये और संबंधित एमआईसी मेंबर ने इन सवालों के जवाब दिये। इस दौरान पक्ष विपक्ष के पार्षदों के बीच कई बार जोरदार तकरार हुई। भोजन अवकाश के बाद दोबारा बजट सभा शुरू होने पर महापौर ने बजट पेश किया। बजट में 11 करोड़ की लागत से शिवनाथ रिवर फ्रंट, 17 साल पहले बनी उजाड़ हाल पुष्पवाटिका में रोज गार्डन बनाने जैसी कई योजनाएं शामिल की गई हैं।

इसके अलावा प्रमुख मार्ग, नाली, एसएलआरएम सेंटर निर्माण के लिए 8 करोड़, प्रमुख मार्ग चौड़ीकरण और चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिए 37 करोड़, डब्लूएमएम, डामरीकरण व सीसी रोड निर्माण के लिए 14 करोड़, मुख्य मार्गों के निर्माण व उन्नयन कार्य के लिए 10 करोड़, प्रमुख चौराहों, मार्ग व अन्य स्थानों पर शेड निर्माण के लिए 12 करोड़, नाली और पुलिया निर्माण करने 9 करोड़, सड़क चौड़ीकरण कार्य 50 लाख, शंकर नाला सुदृढ़ीकरण 6 करोड़, मोबाइल टॉयलेट निर्माण 10 लाख, ठोस अपशिष्ट लेगेसी वेस्ट कचरा प्रबंधन 5 करोड़ जैसे कार्य बजट में प्रावधान किया गया है।

सड़क, नाली, पुलिया व निगम संपत्तियों के संधारण मद में 5 करोड़, मांगलिक परिसर निर्माण 50 लाख, इंदिरा मार्केट जीर्णोद्धार व शीतला मार्केट शेड संधारण 2 करोड़ 30 लाख, गंजपारा शास्त्री स्कूल परिसर शॉपिंग काम्पलेक्स निर्माण 2 करोड़, गोकुल नगर निर्माण 50लाख, गोधन न्याय योजना 75 लाख, मुक्तिधाम, कब्रिस्तान निर्माण व उन्नयन 2 करोड़, तालाबों का सौंदर्यीकरण 4 करोड़, ठगड़ा बांध सौंदर्यीकरण 7 करोड़, प्रधानमंत्री आवास योजना 25 करोड़, खेल मैदान, स्टेडियम, स्पोर्ट्स कोर्ट निर्माण 10 करोड़, शंकर नाला, केलाबाड़ी, नाला सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण 1 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

महापौर धीरज बाकलीवाल ने बजट भाषण में कहा हमारे आग्रह पर नगर निगम दुर्ग के हमारे समस्त पार्षदगण, एल्डरमेन, अधिकारी, कर्मचारियों एवं दुर्ग शहर के पत्रकार बंधुओं को स्वास्थ्य लाभ हेतु दुर्ग शहर के 10 हॉस्पिटल, नर्सिंग होग, क्लीनिक एवं डायग्नोस्टिक सेंटर को चिन्हांकित कर 50% छूट के साथ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिसके नाम इस प्रकार है:- ओम हॉस्पिटल, दीक्षित क्लीनिक एवं नर्सिंग होम, जेमिनी हॉस्पिटल, सांई हॉस्पिटल, जामुल हास्पिटल, महिमा हॉस्पिटल, श्री डाईग्नोस्टिक सेंटर, लाईफ केयर स्केन एंड रिसर्च एंड डाईग्नोस्टिक सेंटर, दानी क्लीनिक  नाक, कान एवं गला, ओजस्वी क्लीनिक है। श्री डाईग्नोस्टिक एवं लाईफ केयर सेंटर में सभी प्रकार टेस्ट में भी 50 प्रतिशत छूट शामिल है। श्री डाईग्नोस्टिक सेंटर में जों जांच बाहर भेजी जायेगी उसमें 30 प्रतिशत छूट का प्रावधान किया गया है। किसी प्रकार की असुविधा होने पर आप स्वयं मुझसे व्यक्तिगत संपर्क कर सकते है।पूर्व पार्षद, सैनिकों, महिला स्व सहायता समूहों एवं पत्रकार बंधुओ को नगर निगम के भवनों में पारिवारिक एवं मांगलिक कार्यक्रमों हेतु 50 प्रतिशत छूट का प्रावधान किया गया है। उसी प्रकार पत्रकारों एवं खिलाड़ियों को खेल मैदान में खेलकूद गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के आयोजन हेतु 50 प्रतिशत छूट का प्रावधान किया गया है ।

बजट में कई अहम घोषणाएं 

मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत स्लम क्षेत्र में रहने वाले लोगो को गुणवत्ता पूर्ण निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, जांच ,उपचार व दवाइयां उपलब्ध कराना,स्लम क्षेत्र में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान गंभीर बीमारियों का पता चलने पर जिला चिकित्सालय/उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रिफर किया जाता है। दुर्ग नगर निगम क्षेत्रांतर्गत स्लम क्षेत्रों में प्रतिदिन चार स्थानों पर चलित वाहन के द्वारा चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाता है। योजना प्रारंभ दिनांक 2.11.2020 से 23.02.2023 तक 2775 स्वास्थ्य कैम्प में कुल 222974 मरीज जिसमें 75514 पुरूष, 107891 महिला, 39449 बच्चों और 120 ट्रांसजेंडर को चिकित्सा का लाभ मिला।

इस प्रकार 14% अधिक महिलाओं ने चिकित्सा का लाभ लिया। इलाज में अनुमानित राशि 317.31 लाख का व्यय हुआ । इस प्रकार योजनांतर्गत प्रति मरीज 145 रुपए व्यय हुआ। कुल 44365 मरीजों का ब्लड टेस्ट और 191139 मरीजों को दवा वितरण किया गया। इस योजना की सराहना लाभान्वित जनता के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों द्वारा भी की जा रही है। राजीव युवा मितान क्लब इस योजना के तहत राज्य के सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में रचनात्मक गतिविधियों के संचालन के लिए चरणबद्ध शुरूआत की गई है। इसका उद्देश्य राज्य की युवा प्रतिभाओं को तराशना, उन्हे संगठित करते हुए उपयुक्त मंच प्रदान करना और उनकी उर्जा का उपयोग नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने में करना है।

दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा के निर्देश में शहर के 60 वार्डो में राजीव युवा मितान क्लब का गठन किया गया।इस वर्ष में शासन से 1 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से नलघर कम्प्लेक्स, सदर नाका, ग्रीन चौक,अग्रसेन चौक, महात्मा गांधी मार्केट, सुभाष चंद मार्केट की जमीनें निगम को  हस्तांतरित कर पूंजीगत संपत्ति में वृद्धि की। 2020 में कोरोना महामारी में साहसपूर्वक कार्य करने वाले स्वास्थ्य विभाग के प्लेसमेंट व एमसीसी कर्मचारियों को 15 प्रतिशत बोनस देते हुए 20 लाख रुपए का भुगतान किया गया। बजट में पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा की स्मृति में उत्कृष्ट पार्षद व उत्कृष्ट पत्रकार को सम्मानित करने का प्रावधान भी किया गया।

बजट में नगर निगम के प्लेसमेंट एमसीसी कर्मचारियों और नगर निगम क्षेत्र के पत्रकारों का जीवन बीमा का लाभ दिए जाने का प्रावधान किया गया है। पूर्व पार्षद, सैनिकों, महिला स्व सहायता समूहों और पत्रकार बंधुओ को नगर निगम के भवनों में पारिवारिक व मांगलिक कार्यक्रमों हेतु 50 प्रतिशत छूट का प्रावधान किया गया है। पत्रकारों और खिलाड़ियों को खेल मैदान में खेलकूद गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के आयोजन हेतु 50 प्रतिशत छूट का प्रावधान किया गया है।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस बजट सत्र में “शिवनाथ रिवर फ्रंट” निर्माण की घोषणा की है। इस कार्य की भूमि सर्वे की शुरूआत हो चुकी है। शिवनाथ नदी दुर्ग के पास बरसों से उपेक्षित पुष्प वाटिका को “रोज गार्डन” के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। जिसकी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। गंदे पानी रोकने व उनके जीर्णोद्धार हेतु शहर के सभी मुख्य तालाबों का प्लान बनाकर राशि स्वीकृत की जा चुकी है। शीघ्र ही कार्य प्रारंभ किया जायेगा। शहर के सभी प्रमुख बड़े नालो के सुदृढ़ीकरण हेतु राशि स्वीकृति हेतु शासन को प्रेषित है, जिससे बाढ़ के समय गली मोहल्लों में पानी भरने एवं जल भराव की समस्या से निजात मिलेगी।

महापौर ने कहा कि मोर शहर मोर जिम्मेदारी के अंतर्गत शहर के 7 चौक चौराहों के सौंदर्यीकरण का जिम्मा लाईफ केयर संस्थान के प्रमुख  मनीष पारख ने स्वप्रेरित होकर निःशुल्क उठाने की मंशा जाहिर की है, जिसकी कार्ययोजना उनके द्वारा बनाई जा रही है। पोटिया स्थित 25 साल पुराने डंपिंग यार्ड में जमा कचरों का ढेर का निपटान हमारे शहर की प्रमुख समस्या थी, जो दिनों दिन विकराल हो रही थी। वर्तमान में कचरा निष्पादन का कार्य 70% पूर्ण किया जा चुका है।राजभाषा ,साहित्य संगोष्ठी और कवियों व लोक कलाकारों को सम्मान करने पहली बार परिषद द्वारा निर्णय लिया गया है। इसके अलावा बजट में कई प्रावधान किये गए हैं।

शेर गूंजते रहे

महापौर धीरज बाकलीवाल ने बजट पेश करते हुए कई शेर पढ़े। उनका एक शेर काफी चर्चित रहा।

लाख‬ दिये ‪‎जला ले‬ अपनी ‪‎गली‬ में …

मगर ‪रोशनी‬ तो ‪हमारे‬ आने से ही ‪‎होगी …

महापौर के इस शेर से सत्तापक्ष के पार्षद झूम उठे, वहीं‬ विपक्षी पार्षदों और पत्रकार दीर्घा में भी इस शेर की काफी चर्चा होती रही। खास तौर पर महापौर द्वारा शायराना माहौल में पक्ष विपक्ष के पार्षदों से आत्मीय माहौल में बजट पेश करने का अंदाज काफी लुभावना रहा।

महापौर ने इन पंक्तियों के साथ बजट भाषण समाप्त किया –

कौन कहता है बिदाई होगी, ये अफवाह किसी गैर ने उड़ाई होगी,

रहेंगे हम भी दिलों में आपके, कुछ जगह हमने भी तो बनाई होगी।

Check Also

जश्ने ईद मिलादुन्नबी : आज नेअमते उज़्मा कॉन्फ्रेंस, 26 को शान से निकलेगा जुलूसे मोहम्मदी 

THR CG NEWS जिनके आने से रौशन हुए दो जहां,  उनके कदमों की बरकत पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!