द सीजी न्यूज
विधायक अरुण वोरा ने दुर्ग शहर में पेयजल संकट की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निगम अफसरों से तत्काल समाधान करने कहा है। वोरा ने कहा कि करहीडीह, जवाहर नगर सहित कुछ इलाकों में पेयजल सप्लाई में रुकावट आने की शिकायतें मिल रही हैं। इन शिकायतों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जाना चाहिए।
आज वोरा निवास में करहीडीह के नागरिकों ने वोरा से मुलाकात के दौरान पेयजल समस्या से अवगत कराया। नागरिकों ने कहा कि अमृत मिशन योजना के तहत नल कनेक्शन के बावजूद हर एक-दो दिन में पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पानी सप्लाई न होना या कम प्रेशर से पानी सप्लाई होना रोजमर्रा की समस्या बन गई है। वोरा ने शिकायत सुनने के बाद निगम कमिश्नर लोकेश चंद्राकर से चर्चा कर तत्काल समस्या का निदान करने कहा है। वोरा ने कहा कि पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए नागरिकों को किसी भी हालत में परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए तत्काल सभी जरूरी व्यवस्थाएं होनी चाहिए।
वोरा ने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है। शहर के सभी वार्डों में पर्याप्त पानी सप्लाई हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। किसी भी वार्ड में पेयजल संकट का पता चलते ही निगम अमला समस्या का निदान करने जुट जाए ताकि लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। वोरा ने शहर के सभी हैंडपंपों की रिपेयरिंग, बोर पंपों का मेंटेनेंस करने कहा है।
जलसंकट का समाधान करने कंट्रोल रूम स्थापित करे नगर निगम
वोरा ने कहा कि गर्मियों के दौरान ग्रामीण इलाकों में पेयजल से संबंधित समस्याओं का समाधान करने कंट्रोल रूम बनाया जाता है। कंट्रोल रूम के नंबर पर ग्रामीण अपनी समस्याएं बताते हैं जिसके बाद पीएचई विभाग का अमला आवश्यक कार्रवाई करता है। दुर्ग नगर निगम में भी इसी तर्ज पर पेयजल की समस्याओं का निराकरण करने कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए, जहां जिम्मेदार अधिकारी नागरिकों की समस्या सुनें और तत्काल निराकरण करें। वोरा ने कहा कि कंट्रोल रूम स्थापित करने के नाम पर खानापूर्ति नहीं होनी चाहिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
