द सीजी न्यूज
दंतेवाड़ा/ दुर्लभ बीमारी इक्थ्योसिस हिस्ट्रिक्स (ट्री मेन सिंड्रोम) से पीड़ित दंतेवाड़ा जिले की जागेश्वरी का उपचार करने जिला प्रशासन की पहल पर अब उसे मेडिकल कॉलेज, रायपुर भेजा गया है। 3 साल पहले ग्राम पाहुनर हेल्थ कैंप के दौरान जागेश्वरी की दुर्लभ बीमारी का पता चला था। जिला प्रशासन की पहल पर उस समय जागेश्वरी को मेडिकल कॉलेज रायपुर भेजा गया। लगभग डेढ़ माह से अधिक समय तक मेडिकल कॉलेज रायपुर में जागेश्वरी का बेहतर उपचार किया गया इसके बाद जागेश्वरी को मेडिकल कॉलेज से छुट्टी दे दी गई।
लाइलाज बीमारी से पीड़ित जागेश्वरी को प्रशासन द्वारा इलाज सहायता लगातार दी गई। जागेश्वरी के घर दवाईयां आदि पहुंचाई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागेश्वरी को उपचार के लिए रायपुर भेजने के लिए आग्रह किया गया। लेकिन पारिवारिक कारणों से जागेश्वरी रायपुर नहीं जा पा रही थी। सोमवार को कलेक्टर विनीत नंदनवार के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जागेश्वरी के ग्राम कौरगांव जाकर उसे एंबुलेंस के माध्यम से दंतेवाड़ा जिला चिकित्सालय लाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर भेजा गया है।
जागेश्वरी के साथ दंतेवाड़ा से स्वास्थ्य विभाग का दल भी भेजा गया है, जो जागेश्वरी के साथ वहां रहकर उसका बेहतर उपचार और देखरेख करेगा। जागेश्वरी के इलाज के लिए आवश्यक खर्च स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

