द सीजी न्यूज
दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओम प्रकाश माथुर के प्रथम दुर्ग प्रवास पर रायपुर से दुर्ग के बीच पाटन, दुर्ग ग्रामीण और दुर्ग शहर के अंतर्गत आने वाले मंडलों द्वारा विभिन्न चौक चौराहों पर भव्य स्वागत किया गया। छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर द्वारा दुर्ग शिवनाथ नदी के किनारे स्थित पृथ्वी पैलेस में दुर्ग शहर विधानसभा के शक्ति केंद्र के प्रभारी संयोजक, सहसंयोजक और मंडल पदाधिकारियों की बैठक ली गई।
माथुर ने भोजन अवकाश के बाद दुर्ग संभाग के प्रमुख भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक की शुरुआत में केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों का सम्मान किया गया। भाजपा महिला मोर्चा द्वारा लगभग दो दर्जन से अधिक महिलाओं का भाजपा प्रवेश कराया गया इस दौरान भाजपा में नव प्रवेशित महिलाओं ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने का संकल्प लिया।
ओम माथुर ने कहा कि बड़ा पदाधिकारी या बड़ा नेता होने का घमंड नहीं करना चाहिए। राजनीति का ये अटल सत्य है कि हर बड़े नेता के पद के सामने पूर्व शब्द जुड़ना तय है। पूर्व हो जाने के बाद क्या स्थिति होती है वो सबको मालूम है। आज नहीं तो कल सबको पूर्व होना ही है। अपने कार्यकर्ता के साथ हमेशा सहज और सरल व्यवहार करना चाहिए। पद का घमंड कार्यकर्ताओं को नहीं दिखाना चाहिए, क्योंकि कार्यकर्ता भाजपा की आत्मा है।
उन्होंने आगे कहा कि अगर हम बूथ जीतते हैं तो हम चुनाव निश्चित तौर जीत जाएंगे। विधानसभा और लोकसभा के चुनाव में जब तक भाजपा की जीत न हो जाए तब तक चैन से नहीं बैठना है। बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर द्वारा बूथ सशक्तिकरण अभियान की समीक्षा शक्ति केंद्र स्तर के पदाधिकारियों से चर्चा करते हुए की। दुर्ग संभाग की बैठक को संबोधित करते हुए माथुर ने कहा कि हमें छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार वापस बनानी है। प्रदेश में जब से भूपेश बघेल की सरकार बैठी है तब से लगातार प्रदेश के हर वर्ग अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहा हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को सुशिक्षित, विकसित, समृद्ध राज्य बनाने का अटल जी का सपना पूर्ण करना है।
इस मौके पर मंच पर भाजपा संभाग प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, राज्यसभा सांसद और भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सरोज पांडेय, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव, भाजपा प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, ओपी चौधरी, प्रदेश मंत्री अवधेश चंदेल, लोकसभा सांसद विजय बघेल, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा उपस्थित रहे।
प्रथम सत्र में प्रस्तावना भाषण और अंतिम सत्र में आभार प्रदर्शन जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने किया। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, जिला महामंत्री ललित चंद्राकर और सुरेंद्र कौशिक ने किया। बैठक में दुर्ग संभाग के अंतर्गत आने वाले दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव, बेमेतरा, कवर्धा, बालोद, मानपुर- मोहला, खैरागढ़- छुई खदान- गंडई समस्त जिला अध्यक्ष महामंत्री एवं अपेक्षित श्रेणी के पदाधिकारी में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

