द सीजी न्यूज
अमृत मिशन का पानी या तो नालियों में बह रहा है या फिर सड़कों पर। शहर के अलग-अलग हिस्सों में पानी की बर्बादी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारी पानी की बर्बादी पर जरा भी ध्यान नहीं दे रहे। विधायक अरुण वोरा ने आज वार्ड 30 मोतीपारा में कई जगहों पर अमृत मिशन योजना की पाइप से पानी बहने का नजारा देखने के बाद अफसरों को आड़े हाथों लिया।
वोरा ने कहा कि पानी की एक-एक बूंद बचाना अधिकारियों का काम है। निगम अधिकारी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। हर वार्ड में जाकर निगम के जल कार्य विभाग के अधिकारी निरीक्षण करें और पानी की बर्बादी रोकने के लिए जरूरी उपाय करें। वोरा ने कहा कि जल ही जीवन है और किसी भी परिस्थिति में पानी की बर्बादी नहीं होनी चाहिए।
जमकर हुई कमीशनखोरी, काम की गुणवत्ता पर नहीं दिया ध्यान
गौरतलब है कि अमृत मिशन योजना के तहत दुर्ग शहर में करीब डेढ़ सौ करोड़ के कार्य किये गए। योजना का 99 फीसदी काम पूरा हो चुका है, लेकिन अफसरों का ध्यान न तो पाइपलाइन बिछाने के काम की गुणवत्ता में रहा, न पानी की बर्बादी रोकने के इंतजाम करने की कोशिश की जा रही है। पिछली शहरी सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई डेढ़ अरब रुपए की योजना में भाजपा की परिषद में भी जमकर कमीशनखोरी होती रही और मौजूदा परिषद में भी यही लूटखसोट का सिलसिला जारी रहा। पेयजल व्यवस्था सुधारने की दिशा में कोई काम ही नहीं किया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

