Breaking News

भाजपा ने प्रत्याशी चयन के लिए नए सिरे से शुरू किया सर्वे : स्व. हेमचंद यादव के परिवारजनों समेत बड़ी तादाद में समर्थक पहुंचे एकात्म परिसर : गजेंद्र को टिकट देने का विरोध किया : यादव समाज से लीलावती यादव को टिकट देने की मांग की

द सीजी न्यूज

प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की दूसरी सूची वायरल होने के बाद पार्टी में मचा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। खबर मिली है कि भाजपा नेताओं से नए सिरे से प्रत्याशी चयन करने कहा गया है। इसकी प्रक्रिया भी भाजपा नेताओं ने पूरी कर ली है। इधर, भाजपा द्वारा दोबारा सर्वे कराए जाने की जानकारी भी मिल रही है। आज कई विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा द्वारा सर्वे टीम भेजकर दावेदारों का फीडबैक लिया गया। प्रदेश भाजपा संगठन के एक पदाधिकारी ने बताया कि पार्टी हर हाल में जीतने योग्य प्रत्याशी की ही घोषणा करना चाहती है। दुर्ग में भी सर्वे टीम पहुंच गई है।

दुर्ग में बढ़ा गजेंद्र का विरोध : हेमचंद यादव के परिवारजनों समेत कई भाजपा नेता एकात्म परिसर पहुंचे

उम्मीदवारों की लीक हुई सूची में दुर्ग से प्रत्याशी के रूप में गजेंद्र यादव का नाम सामने आने के बाद भाजपा में कई स्तरों पर विरोध हो रहा है। दो दिनों पहले कई पार्षद और पूर्व पार्षद रायपुर जाकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, विजय शर्मा से मिलकर गजेंद्र को टिकट देने पर विरोध जता चुके हैं।

गुरुवार को रमन सरकार में केबिनेट मंत्री रहे स्व. हेमचंद यादव के परिवारजनों और समर्थकों ने एकात्म परिसर जाकर भाजपा नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने साफ कहा कि स्व. हेमचंद यादव की पत्नी लीलावती यादव को टिकट मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दुर्ग विधानसभा में कांग्रेस का दबदबा समाप्त करते हुए पहली बार 1998 में भाजपा का परचम हेमचंद यादव ने ही लहराया था। वे लगातार तीन बार दुर्ग के विधायक बने और रमन सरकार में मंत्री बने। स्व. हेमचंद यादव के परिजनों ने दुर्ग से गजेंद्र यादव के नाम पर आपत्ति दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार जिला भाजयुमो अध्यक्ष जीत हेमचंद यादव ( स्व हेमचंद यादव के पुत्र ), महावीर लोढ़ा, मनोज अग्रवाल सहित समर्थक व यादव समाज के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पार्टी के प्रादेशिक नेताओं से कहा कि यादव समाज से प्रत्याशी चुना जाना है तो दुर्ग में स्व. हेमचंद यादव की पत्नी लीलावती यादव को ही प्रत्याशी बनाया जाए। ईमानदारी से जनता का सेवा करते हुए स्व. हेमचंद यादव ने ही दुर्ग को भाजपा का गढ़ बनाया था।

वैशाली नगर में भी रिकेश के नाम पर विरोध

वैशाली नगर क्षेत्र में भी संभावित उम्मीदवार रिकेश सेन के खिलाफ विरोध के स्वर सुनाई दे रहे हैं। प्रदेश भाजपा कार्यालय में वैशाली नगर क्षेत्र से शारदा गुप्ता, कन्हैया सोनी सहित कई भाजपा नेताओं ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिलकर रिकेश को टिकट न देने की मांग की है।

Check Also

मुहर्रम पर्व पर रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर और दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन

अंजुमन हुसैनिया कमेटी के मानव सेवा के प्रयास निरंतर आगे बढ़ते रहे: इंद्रजीत द सीजी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!