- अधिकारियों के साथ बोटिंग के साथ ही चौपाटी में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का उठाया लुत्फ
द सीजी न्यूज
दुर्ग / दुर्ग शहर में 16 करोड़ की लागत से माधो वाटिका (ठगड़ा बांध) पिकनिक स्पॉट का आज संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर और कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने निरीक्षण किया। बांध के बीचों बीच बने आईलैंड और चारों ओर बने पाथवे पर रंगबिरंगी रोशनी में जगमगाते ठगड़ा बांध की खूबसुरती देखकर सराहना की। संभागायुक्त और कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ बांध में बोटिंग का आनंद भी लिया। चौपाटी में बैठकर छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का लुत्फ भी उठाया।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान पिकनिक स्पॉट में घूमने आने वालों के लिए टॉय ट्रेन की व्यवस्था जल्द शुरू करने, बांध में जलस्तर कम होने से पहले नहर से पानी भरने की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। नगर निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने बताया कि लगभग 45 एकड़ में फैले इस बांध के सौंदर्यीकरण से शहरवासियों को परिवार सहित स्वादिष्ट फूड आइटम के साथ बच्चों के मनोरंजन सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। लैंडस्केपिंग, लाईटिंग, मनोरंजक गतिविधियां आदि के साथ सौंदर्यीकरण किया गया है। उन्होंने बताया कि माधो वाटिका (ठगड़ा बांध) में नव निर्मित चन्द्रयान-3 चलित मॉडल को प्रदर्शन के लिए शहर के आम नागरिकों को समर्पित किया गया है।
संभागायुक्त ने अधिकारियों के साथ इसका प्रदर्शन भी देखा। उन्होंने कहा कि पिकनिक स्पॉट में स्थापित चन्द्रयान-3 का लाइव मॉडल स्कूली बच्चों के साथ-साथ बड़ों को भी चन्द्रयान की प्रक्षेपण की जानकारी प्रदान करेगा। उनकी जिज्ञासाओं को दूर करेगा, जिससे विज्ञान के बारीक पहलुओं को बच्चों को समझने में आसानी होगी। लोग बोटिंग, चौपाटी, विभिन्न खेल व झूले के साथ ही चन्द्रयान-3 मॉडल का भी लाइव लुत्फ उठा रहे हैं।
कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने अधिकारियों को वाटिका की सभी व्यवस्थाओं को और बेहतर करने कहा। निगम आयुक्त ने बताया कि ठगड़ा बांध के चारों तरफ लोगों के चलने के लिए पाथवे और बांध के जल का रिसाव रोकने के लिए गहरीकरण के साथ काली मिट्टी बिछाने और जल भराव के लिए नहर पानी के उपयोग की कार्ययोजना प्रस्तावित है। इस अवसर पर नगर पालिक निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


