द सीजी न्यूज
भिलाईनगर/ चन्दूलाल चंद्राकर मेमोरियल मेडिकल काॅलेज रोड पर ग्राम कुरूद में तीन खसरे के 7 एकड़ भूमि पर किये जा रहे अवैध प्लाटिंग पर निगम प्रशासन का बुल़डोजर चला। निगम की टीम ने कार्यवाही करते हुए मार्ग संरचना को ध्वस्त कर भूमि को मूल स्वरूप प्रदान किया।

भिलाई निगम आयुक्त देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर जोन-2 के राजस्व अमला व भवन शाखा की संयुक्त टीम ने कार्यवाही करते हुए ग्राम कुरूद के मेडिकल काॅलेज के पास 7 एकड़ भूमि पर अवैध प्लाटिंग के लिए बनाए गए मार्ग संरचना को बैक हो लोडर से खोदकर ध्वस्त किया। जगह-जगह गाड़े गए पोल को उखाड़ा गया।
निगम को शिकायत मिली थी कि मेडिकल काॅलेज के पास ग्राम कुरूद के खसरा नं. 172/1 और 2 के 1 एकड़ व खसरा नं. 47/1 के 6 एकड़ लगानी भूमि में बिना अनुमति के प्लाटिंग किया जा रहा है। सूचना मिलने पर आयुक्त ने भवन शाखा व जोन-2 को कार्यवाही के निर्देश दिये थे। संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और वहां मुरूम डालकर बनाये गये मार्ग संरचना और लगाए गए पोल को जे.सी.बी. से उखाड़ कर मुरूम सड़क को ध्वस्त किया गया। कार्यवाही के दौरान जोन आयुक्त येशा लहरे, सहायक राजस्व अधिकारी जे.पी. तिवारी, भवन शाखा के उपअभियंता शहबाज अहमद, तोड़ फोड़ दस्ता के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।
लोकसभा चुनाव के प्रभावशील आदर्श आचार संहिता के आड़ में कुछ लोग अवैध प्लाटिंग तथा अवैध कब्जे की कोशिश में लगे हुए है। निगम कमिश्नर ने अधिकारियों को अवैध प्लाटिंग पर निगरानी रखने और सख्ती से कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

