Breaking News

देशभक्ति गीतों के साथ रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समॉं

  • स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हमर दुर्ग लोक कला संस्था की शानदार प्रस्तुति

द सीजी न्यूज

हमर दुर्ग लोक कला संस्था द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व अमर शहीदों की याद में जय भारत देशभक्ति गीतों भरी शाम का आयोजन किया गया। संस्था के अध्यक्ष शिवाकान्त तिवारी द्वारा विगत 6 वर्षों से निरन्तर देशभक्ति कार्यक्रमों के माध्यम से हमर दुर्ग लोक कला संस्था को अलग पहचान दी गई है।

कार्यक्रम के अतिथि महापौर धीरज बाकलीवाल, समाजसेवी चतुर्भुज राठी, सुरेन्द्र शर्मा, रामफल शर्मा, अशोक राठी, पायल जैन, अलताफ अहमद, भोला महोबिया ने माँ भारती और छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा अर्चना कर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्वागत भाषण में संस्था प्रमुख शिवाकान्त तिवारी ने कहां कि विकास के साथ तमाम अवसरों व उपलब्धियों की राहें राष्ट्रीय भावना की मुख्य धारा से होकर गुजरनी चाहिए। देश की भक्ति और शक्ति को बनाए रखने के लिए अब देश भक्ति के मंत्रोच्चार से ही जीवन के उषाकाल का आरंभ होना चाहिए। देश है तो हम है, घर परिवार है जीवन है, और हमारा अस्तित्व है। देश की एक अखंडता, देश का उत्थान, देश का विकास, देश का गौरव, देश की संस्कृति और देश की अस्मिता ही सब कुछ है।

महापौर धीरज बाकलीवाल ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे देशभक्ति कार्यक्रमों से आने वाली पीढ़ियों को पता चलेगा कि हमारे देश को आजादी कैसे मिली। युवा ही देश व प्रदेश को नई उँचाईयों पर ले जाएंगे। समाजसेवी चतुर्भूज राठी ने स्वतंत्रता दिवस के पुराने दिनों को याद करते हुए इस दिन की महत्ता को बताया।

कार्यक्रम का आरंभ वंदे मातरम् के गीत से हुआ। सामूहित देशभक्ति गीत व नृत्य की प्रस्तुति सुरधारा म्यूजिकल ग्रुप, खालसा पब्लिक स्कूल, गीतांजलि संगीत महाविद्यालय व कृष्णा डांस ग्रुप ने दी। संजय बेग और मास्टर मनमोहन की बांसुरी के धुन ने कार्यक्रम में समा बांधा। उभरते कलाकार वाइस ऑफ छत्तीसगढ़ ओम तिवारी ने संदेशे आते हैं हमें तड़पाते हैं गीत से दर्शकों का मन मोह लिया। रजनी रजक, प्रशांत ठाकुर और अमित शर्मा ने अपनी प्रस्तुति दी।

लोक कलाकार महादेव हिरवानी ने राष्ट्र कवि पवन दीवान का लिखा गीत तोर धरती तोर माटी प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिये। पंडित विवेक शर्मा द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी तोला बारम्बार प्रणाम गीत पर श्रोतागण झूम उठे। अतिथियों के आग्रह पर विवेक शर्मा द्वारा बेटा कहिके बुला ले प्रस्तुति दी गई। हमर दुर्ग लोक कला संस्था द्वारा पंडित विवेक शर्मा को सुर सम्राट की उपाधि से सम्मानित किया गया। योगिता मढ़रिया लहरी, उर्वशी साहू व सभी कलाकारों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किये। सभी कलाकारोंं को शाल, श्रीफल, मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

विशेष प्रतिभा सम्मान श्रेष्ठ ताम्रकार को दिया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से मनहरण साहू, जितेन्द्र हासवानी, खिलेश साहू, अभिषेक भट्ट, ज्योति ध्रुव, अविनाश तिवारी, आनंद नरेरा, नकुल महलवार, सारू दुबे, जितेन्द्र तिवारी, अरूण मिश्रा, सुशील केशरी, मुकेश तिवारी का सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन शिवाकान्त तिवारी और आभार व्यक्त जागेश्वरी मेश्राम ने किया।

Check Also

विधायक देवेंद्र के नेतृत्व में हजारों भिलाइयंस ने निकाली भिलाई बचाओ पदयात्रा

1000 कदम चलकर बीएसपी प्रबंधन के फैसले पर जताया विरोध भिलाई/ भिलाई बचाओ आंदोलन के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!