- पिछली सरकार में कांग्रेस नेताओं के सबसे ज्यादा कृपापात्र रहे जावेद अली और शुभम गोइर, दोनों स्थानांतरित
- नगरीय प्रशासन विभाग में 166 अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले
द सीजी न्यूज
दुर्ग। दुर्ग नगर निगम में पदस्थ होने के बाद से लगातार चर्चा में रहे स्वास्थ्य अधिकारी मोहम्मद जावेद अली को भिलाई नगर निगम में स्थानांतरित किया गया है। इसी तरह सहायक वर्ग 3 भूपेंद्र गोइर को दुर्ग नगर निगम से हटाकर नगर पंचायत देवकर स्थानांतरित कर दिया गया है। ट्रांसफर किये गए जावेद अली और भूपेंद्र गोइर पिछले पांच साल से भाजपा नेताओं के निशाने पर रहे हैं।
भिलाई नगर निगम से दुर्ग नगर निगम में स्थानांतरित होकर आए स्वास्थ्य निरीक्षक जावेद अली को कोरोना संकटकाल में स्वास्थ्य अधिकारी बनाया गया। उन्होंने अपनी कार्यप्रणाली से दुर्ग में अच्छी पहचान भी बनाई। लेकिन बाद में स्वास्थ्य अधिकारी के साथ-साथ बाजार अधिकारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंप दी गई। दो-दो महत्वपूर्ण पद दिये जाने के बाद जावेद अली कई कांग्रेस व भाजपा नेताओं के निशाने पर आ गए। कुछ माह पहले उनसे बाजार अधिकारी की जिम्मेदारी वापस ले ली गई। लेकिन अब उनको वापस भिलाई नगर निगम भेज दिया गया है।
इसी तरह शुभम गोइर उर्फ भूपेंद्र गोइर की गिनती पिछले पांच साल से दुर्ग नगर निगम के सर्वाधिक विवादित कर्मचारियों में होती रही है। सहायक ग्रेड 3 जैसे पद पर रहने के बावजूद भूपेंद्र गोइर की नगर निगम में पांच साल से लगातार तूती बोलती रही। दुर्ग नगर निगम के दो पूर्व निगम कमिश्नर के खास कृपापात्र बनकर अधिकारियों, कर्मचारियों को मनमाने तरीके से इधर से उधर करने के खेल में भी भूपेंद्र गोइर का नाम चर्चा में रहा। निगम के एक पूर्व कमिश्नर ने गोइर के खिलाफ कुछ मामलों में जांच भी कराई लेकिन निगम कमिश्नर का ट्रांसफर होते ही मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
गोइर कांग्रेस शासनकाल में निगम कमिश्नर सहित सत्तारूढ़ राजनेताओं का खासमखास बनने की जोड़तोड़ की कला में माहिर रहे। पूर्व कांग्रेस विधायक के भी खास कृपापात्र रहे। दुर्ग नगर निगम की एक-एक खबर अपने खास कांग्रेस नेता तक पहुंचाकर नेतानिष्ठ होने का सबूत भी देते रहे। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद वे भाजपा विधायक गजेंद्र यादव के कृपापात्र बनने की कोशिश में लगे रहे। लेकिन उनकी दाल नहीं गली। खबरों के अनुसार गोइर अभी भी ट्रांसफर रुकवाने की कोशिशें कर रहे हैं।
जानकार बता रहे हैं कि नेता जी की लल्लो-चप्पो से बात नहीं बनेगी। चढ़ौती चढ़ाकर ही ट्रांसफर रुकवाया जा सकता है।
सफाई कामगारों से लेकर ड्राइवरों समेत कुल 166 अधिकारी, कर्मचारियों का हुआ ट्रांसफर
राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 166 अधिकारियों और कर्मचारियों की नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। विभाग द्वारा मंत्रालय से इस संबंध में चार अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं। स्थानांतरित अधिकारियों में मुख्य नगर पालिका अधिकारी से लेकर मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक, वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक, स्वच्छता निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक, सहायक राजस्व निरीक्षक, लेखापाल, सहायक ग्रेड-2, कैशियर, सफाई दरोगा, वाहन चालक, पंप अटेंडेंट और सफाई कामगार शामिल हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal