दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज दुर्ग में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान कई बड़े विकास कार्यों का ऐलान किया। सीएम ने इंदिरा मार्केट दुर्ग में मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण की घोषणा की। एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए सीएम साय ने साइंस कॉलेज के पीछे केनाल रोड निर्माण की घोषणा की। इसी तरह नहर चौक से चंडी मंदिर चौक तक सड़क का चौड़ीकरण करने की बड़ी घोषणा भी की। चौक-चौराहों पर महिला शौचालय निर्माण कराने की महत्वपूर्ण सौगात का ऐलान किया। इसके अलावा दुर्ग और भिलाई में ऑडिटोरियम निर्माण की घोषणा की।
आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग नगर के वार्ड नंबर 3 में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में 22 करोड़ 97 लाख रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद विजय बघेल, विधायक गजेंद्र यादव और रिकेश सेन, दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री साय ने जिन कार्यों का भूमिपूजन किया उनमें 1 करोड़ 98 लाख 39 हजार रुपए की लागत सेे उरला में खेल मैदान का विकास कार्य, 88 लाख 47 हजार रुपए लागत सेे सड़क सुरक्षा हेतु राजेन्द्र पार्क चौक में विकास कार्य, 1 करोड़ 66 लाख 2 हजार रुपए लागत से विभिन्न स्थानों में वृक्षारोपण कार्य, 1 करोड़ 35 लाख 41 हजार रुपए लागत से विभिन्न वार्डों में 8 स्थानों पर डामरीकरण व 1 स्थान पर पेवर ब्लॉक, 1 करोड़ 99 लाख 43 हजार रुपए लागत से गया नगर 33 के.वी. पावर स्टेशन के पास डॉ. बी.आर. अम्बेडकर सर्वसमाज मांगलिक भवन निर्माण कार्य, 49 लाख 98 हजार रुपए लागत से वार्ड क्रमांक 15 सतनाम भवन आयुर्वेदिक अस्पताल के पीछे सांस्कृतिक भवन निर्माण कार्य, 8 करोड़ 33 लाख रुपए लागत से शहर के विभिन्न वार्डों में कुल 59 कार्य (सड़क, नाली पुलिया निर्माण), 2 करोड़ 72 लाख 37 हजार रुपए लागत से वार्ड क्रमांक 32 शिक्षक नगर में वाटर सप्लाई पार्ट ए व बी, 25 लाख रुपए की लागत से राजेन्द्र पार्क चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना, 50 लाख रुपए की लागत से गोंडवाना भवन के प्रथम तल में अतिरिक्त हॉल निर्माण कार्य, 2 करोड़ 14 लाख रुपए लागत से विधायक निधि अंतर्गत विभिन्न विकास कार्य व 65 लाख रुपए लागत से प्रभारी मंत्री निधि अंतर्गत विभिन्न विकास कार्य का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री साय ने चण्डी मंदिर में पूजा अर्चना की
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज नगर पालिक निगम दुर्ग अंतर्गत विकास कार्यों के भूमिपूजन के पहले दुर्ग के प्राचीन चण्डी मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव, पूर्व विधायक लाभचंद बाफना, आयुक्त एस.एन. राठौर, कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी, एसपी जितेन्द्र शुक्ला भी मौजूद थे।