- सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने सुबह से शहर के दौरे पर निकले कमिश्नर
- खुले प्लाट पर कचरा देखकर भड़के : कहा – सुपरवाइजर को कराना होगा अपने पैसे से सफाई
द सीजी न्यूज
दुर्ग/ निगम कमिश्नर सुमित अग्रवाल आज सुबह 7 बजे वार्ड नंबर 29 सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुँचे। उन्होंने एस. एल. आर. एम. सेंटर, ट्रेचिंग ग्राउण्ड, उद्यान, तालाब, पानी सप्लाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। वार्ड भ्रमण के दौरान कई जगहों पर निजी प्लाट में कचरा देखकर निगम कमिश्नर भड़क गए। उन्होंने स्वच्छता सुपरवाइजर को अपने खर्च पर सफाई कराने के सख्त निर्देश दिए।
निगम कमिश्नर ने सुपरवाइजर पर नाराजगी जताते हुए कड़ी फटकार लगाई। कमिश्नर ने कहा कि सफाई व्यवस्था पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खुले प्लाट में कचरा फेंकने पर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने खुले में कचरा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिये। ऐसा करने वालों से जुर्माना वसूलने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिये। शहर में खाली प्लाटों के मालिकों को भी नगर निगम द्वारा नोटिस जारी किया जाएगा।
निगम कमिश्नर सुमित अग्रवाल ने बताया कि शहर की सफाई को ध्यान में रखते हुए खुले में कूड़ा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम कार्रवाई करेगा। निगम से 60 वार्डों में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन का काम किया जा रहा है। इसके बाद भी लोग खाली प्लाटों में कचरा फेंक रहे हैं। इससे गंदगी फैल हो रही है। भ्रमण के दौरान कर्मशाला अधीक्षक शोएब अहमद, स्वच्छता निरीक्षक सुरेश भारती, कुणाल, राहुल सहित सुपरवाइजर व स्वास्थ्य विभाग का अमला मौजूद रहा।
खाली प्लॉट में कचरा मिला तो मालिक पर जुर्माना की कार्रवाई करेगी निगम
अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम सीमा के अंतर्गत किसी भी व्यक्ति का खाली प्लाट या भूमि होने पर चारदीवारी का निर्माण अतिशीघ्र किया जाए। खाली प्लाट या भूमि पर व्यक्तियों द्वारा कूड़ा, गोबर आदि डालकर गंदगी फैलाई जाती है। किसी भी खाली प्लाट या भूमि पर गंदगी मिलने पर खाली प्लाट के मालिक के खिलाफ जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जाएगी। खाली प्लाट पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। प्लाट को बाउंड्रीवाल से न घेरे जाने पर निगम प्रशासन प्लाट मालिक से जुर्माना वसूलने की कार्रवाई करेगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
