द सीजी न्यूज

दुर्ग। पूर्व विधायक अरुण वोरा ने भाजपा पर लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाया है। वोरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव में अपनी संभावित करारी हार से डरी हुई भाजपा अब साम-दाम-दंड-भेद की नीति पर चलते हुए कांग्रेस प्रत्याशियों को चुनाव मैदान से हटाकर लोकतंत्र का घोंट रही है। सत्ता का दुरूपयोग कर कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन रद्द कराए गए हैं। कई जगह दबाव डालकर उनसे नामांकन वापस कराया गया है।
वोरा ने कहा है कि धमतरी नगर निगम के महापौर पद के कांग्रेस प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन रिटर्निंग अफसर पर दबाव डालकर रद्द कराया गया। बसना नगर पंचायत की अध्यक्ष पद की कांग्रेस प्रत्याशी और निर्दलीय प्रत्याशी पर दबाव डालकर उनसे नामांकन वापस कराया गया। भाजपा प्रत्याशी को निर्विरोध जिता दिया गया। रायगढ़ नगर निगम के वार्ड नं 18 के पार्षद पद के कांग्रेस प्रत्याशी को भी बैठाकर भाजपा प्रत्याशी को निर्विरोध जिता दिया गया। भिलाई नगर निगम के उपचुनाव में भी भाजपा प्रत्याशी को षड्यंत्रपूर्वक निर्विरोध जिताया गया। इससे स्पष्ट है कि नगरीय निकाय चुनाव के दौरान भी भाजपाई ईवीएम में गड़बड़ी कर चुनाव जीतने की कोशिश करेंगे। इसलिए कांग्रेसजनों को सतर्क रहना होगा और भाजपा के षड्यंत्र से सावधान रहना होगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal