Breaking News

कांग्रेस ने निकाली चूहा सम्मान रैली : 7 करोड़ का धान हजम कर कवर्धा के चूहे अव्वल, महासमुंंद के चूहे सेकंंड

द सीजी न्यूज

भिलाई। छत्तीसगढ़ में धान घोटाले को लेकर कांग्रेस ने रविवार शाम भिलाई में अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भिलाई के तत्वावधान में आयोजित चूहा सम्मान रैली शाम करीब 4.30 बजे निकाली गई। रैली में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर सहित जिला व ब्लॉक स्तर के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

रैली के बाद सबसे ज्यादा धान खाने वाले जिलों के चूहों के नामों की घोषणा कर उन्हें विजेता घोषित किया गया। विधायक देवेंद्र यादव ने कवर्धा के चूहों को पहला स्थान दिया। महासमुंद के चूहों को दूसरा, गौरेला जिले को तीसरा और बेमेतरा जिले के चूहों को सांत्वना पुरस्कार देने की घोषणा की।
कांग्रेसियों ने निकाली दो किलो मीटर पदयात्रा

राजेंद्र प्रसाद चौक से सुपेला के घड़ी चौक तक चूहा सम्मान रैली निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि धान के करोड़ों रुपये के नुकसान को चूहों के सिर मढ़कर असली दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। रैली के दौरान कांग्रेसियों ने प्रतीकात्मक रूप से चूहों के सम्मान में प्रदर्शन किया और उन्हें न्याय देने की मांग की।

कवर्धा में 7 करोड़ का धान खाने का आरोप चूहों पर

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के अधिकारियों के अनुसार कवर्धा जिले में करीब 7 करोड़ रुपये और महासमुंद जिले में करीब 5 करोड़ रुपये का धान चूहों द्वारा खा जाने की बात कही जा रही है। कांग्रेस का कहना है कि यह सीधे-सीधे बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता इस पूरे मामले को चूहों पर डालकर असलियत से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि गरीब किसानों के धान का पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया।

भ्रष्टाचार छिपाने चूहों को बलि का बकरा बना रही भाजपा सरकार

भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए चूहों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्ग नगर निगम में अधिकारी सरकारी कर्मचारियों से व्यक्तिगत काम करवा रहे हैं और इंकार करने पर बर्खास्तगी जैसी कार्रवाई की जा रही है। मुकेश चंद्राकर ने व्यंग्य करते हुए कहा कि चूहों ने धान खाकर विश्व रिकॉर्ड बना दिया है, इसी कारण कांग्रेस पार्टी ने प्रतीकात्मक रूप से चूहों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देने का निर्णय लिया।

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि यह रैली जनता को गुमराह होने से बचाने के लिए निकाली गई है। उन्होंने कहा कि गंभीर मुद्दे को हास्यास्पद बनाकर पेश करना शर्मनाक है। एक जगह 7 करोड़ और दूसरी जगह 5 करोड़ का धान चूहे खा जाएं, यह तर्क जनता के गले नहीं उतर सकता। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। छावनी एसडीएम हेमंत पिस्दा को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के नाम सार्वजनिक करने की मांग की।

Check Also

15 रिटायर्ड कर्मचारियों ने फर्जी मृत्यु दावा कर निकाल लिये पेंशन के 1 करोड़ 19 लाख

द सीजी न्यूज पाटन। जिले के 15 रिटायर्ड कर्मचारियों ने खुद को मृत बताकर डेथ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *