द सीजी न्यूज
कवर्धा। जिले में करीब 7 करोड़ रुपये के धान शॉर्टेज मामला पूरे देश में छाया रहा। इस मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) अभिषेक मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रबंध संचालक ने मीडिया में भ्रामक जानकारी देने के आरोप में यह कार्रवाई की है। निलंबन के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप है।
वर्ष 2024 – 25 में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कर उसे चारभाठा स्थित धान संग्रहण केंद्र में संग्रहित किया गया था। वर्ष 2026 की धान खरीदी से पूर्व जब पुराने धान का भौतिक सत्यापन किया गया, तो करीब 26 हजार क्विंटल धान की कमी पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये आंकी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन द्वारा एक जांच समिति गठित की गई। जांच में यह सामने आया कि तत्कालीन संग्रहण केंद्र प्रभारी प्रितेश पांडेय की भूमिका संदेहास्पद रही है। संग्रहण केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ के भी साक्ष्य मिले। इसके बाद प्रशासन ने प्रितेश पांडेय को निलंबित कर दिया।
मीडिया ने धान शॉर्टेज को लेकर डीएमओ अभिषेक मिश्रा से सवाल किए, तो उन्होंने मौसम की मार, चूहा और दीमक द्वारा धान खा जाने को इसका कारण बताया। इस बयान के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। सोशल मीडिया से लेकर प्रदेश भर में इस बयान की तीखी आलोचना हुई। कांग्रेस और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रबंध संचालक ने डीएमओ को मीडिया में भ्रामक और गैर-जिम्मेदाराना बयान देने के मामले में अभिषेक मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal